Explore

Search

November 4, 2026 5:10 pm

बार्सिलोना स्मार्ट सिटी एक्सपो-2026 में मंत्री तोखन साहू ने किया इंडिया पवेलियन का उद्घाटन

भारत की स्मार्ट सिटी पहल, शहरी विकास और तकनीकी नवाचारों का वैश्विक मंच पर हुआ प्रदर्शन

CBN36 बार्सिलोना, 03 नवंबर 2026।स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित स्मार्ट सिटी एक्सपो वर्ल्ड कांग्रेस-2026 में भारत ने अपनी शहरी विकास यात्रा, तकनीकी नवाचार और सतत विकास की उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया। इस अवसर पर आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने इंडिया पवेलियन का उद्घाटन किया।

3 से 5 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, शहरी विकास विशेषज्ञ, तकनीकी कंपनियां, निवेशक और अंतरराष्ट्रीय संगठन भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में स्मार्ट गवर्नेंस, डिजिटल परिवर्तन, आधुनिक शहरी परिवहन, आवास, स्वच्छ पर्यावरण और जलवायु अनुकूल शहरी अवसंरचना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है।

इंडिया पवेलियन के माध्यम से भारत की स्मार्ट सिटी पहल, शहरी आधारभूत संरचना, आधुनिक तकनीक और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया। इस मंच का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय सहयोग, निवेश और तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर मंत्री तोखन साहू ने भारत की शहरी विकास यात्रा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करते हुए सतत, समावेशी और आधुनिक शहरों के निर्माण के प्रति देश की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत में शहरीकरण को विकास के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। शहरों का विकास केवल बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता, आधुनिक सार्वजनिक सेवाएं, सुगम परिवहन और स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।

उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक, नवाचार और सतत विकास के माध्यम से भारतीय शहरों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

इस दौरान विभिन्न राज्यों की टीमों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में शहरी विकास और स्मार्ट सिटी से जुड़ी उपलब्धियों एवं नवाचारों की जानकारी दी। छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और बिहार की टीमों ने अपने राज्यों में संचालित शहरी विकास योजनाओं, स्मार्ट सिटी समाधानों और तकनीकी पहलों का प्रदर्शन किया। राज्यों द्वारा किए जा रहे प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करना भारत की विविधतापूर्ण शहरी विकास यात्रा को प्रदर्शित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

सम्मेलन के दौरान संयुक्त राष्ट्र सहित विभिन्न देशों के पवेलियनों का भी अवलोकन किया गया। इसके अलावा फिरा डी बार्सिलोना मुख्यालय तथा हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HUDCO) और नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (NBCC) के प्रदर्शनी स्टॉलों का दौरा किया गया। यहां शहरी अवसंरचना, आवास, निर्माण और सतत विकास से संबंधित विभिन्न पहलों एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त की गई।

स्मार्ट सिटी एक्सपो वर्ल्ड कांग्रेस-2026 में भारत की भागीदारी से देश की शहरी विकास संबंधी उपलब्धियों और तकनीकी क्षमताओं को वैश्विक पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही विभिन्न देशों के साथ सहयोग, निवेश और ज्ञान के आदान-प्रदान के नए अवसर भी विकसित होंगे।

भारत का लक्ष्य ऐसे शहरों का निर्माण करना है, जो आधुनिक तकनीक से सुसज्जित होने के साथ-साथ सतत, समावेशी, सुरक्षित और नागरिक-केंद्रित हों तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS