करीब 7 लाख रुपये के वाहन जब्त, पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक अपचारी बालक भी शामिल

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस वाहन चोरी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश कर 10 मोटरसाइकिलों की बरामदगी पुलिस की सतर्कता और बेहतर सूचना तंत्र का परिणाम है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी”
CBN36 रायगढ़। जिले में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।
डीएसपी उन्नति ठाकुर के अनुसार, पूंजीपथरा पुलिस ने एक बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 9 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद किए हैं। वहीं लैलूंगा पुलिस ने चोरी की पल्सर बाइक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जंगल में पत्तों से ढककर छिपाते थे चोरी की बाइक
पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में बीएस कंपनी कॉलोनी तराईमाल निवासी मुकेश कुमार बघेल की बजाज पल्सर 125 मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राजू चौहान सहित उसके साथियों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी रात के समय घूमकर बाइक चोरी करते थे और उन्हें जंगल में ले जाकर पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपा देते थे। आरोपियों ने तराईमाल स्थित बीएस कंपनी कॉलोनी और उर्दना क्षेत्र से 9 मोटरसाइकिलें तथा 2 मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख 12 हजार रुपये कीमत की 9 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में बजाज पल्सर, हीरो फैशन प्रो, स्कूटी, प्लेटिना, यामाहा R15, सुपर स्प्लेंडर, होंडा साइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर NXG और टीवीएस विक्टर शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। इस आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 112(2) भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के पूर्व में भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहने की जानकारी सामने आई है।
लैलूंगा पुलिस ने चोरी की पल्सर के साथ दो आरोपियों को पकड़ा
इधर, लैलूंगा थाना क्षेत्र में ग्राम सराईटोला निवासी पुरुषोत्तम पैकरा की पल्सर मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम राजपुर निवासी अनिश यादव और निलेश यादव चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने चोरी की बाइक को बेचने की नीयत से उसके कुछ पार्ट्स में बदलाव कर मॉडिफाई करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत की चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई में

- राजू चौहान, उम्र 22 वर्ष, निवासी सलखिया, थाना लैलूंगा।
- लक्की सिदार, उम्र 19 वर्ष, निवासी तराईमाल।
- राजेश श्रीवास, उम्र 21 वर्ष, निवासी छाल, हाल मुकाम तराईमाल।
- बीर सिंह उर्फ लाल सिंह भगत, उम्र 20 वर्ष, निवासी राताईमाल।
- सूर्यदेव राम, उम्र 18 वर्ष, निवासी जिला जशपुर।
- एक विधि से संघर्षरत बालक।
लैलूंगा पुलिस की कार्रवाई में

- अनिश यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी राजपुर फुटुपारा।
- निलेश यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी पहाड़ लुडेग।
एसएसपी ने आम नागरिकों से की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की टीमों ने बेहतर सूचना तंत्र, सतर्कता और आपसी समन्वय से दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। वाहन चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की भी पतासाजी की जा रही है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रधान संपादक