पत्थलगांव के ग्राम बेलडेगी में पुलिस ने की घेराबंदी, दो मोटरसाइकिलें भी जब्त; सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा

“डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंशों की अवैध तस्करी और परिवहन के खिलाफ जशपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी अभियान जारी रहेगा”
CBN36 जशपुर। जिले में गौवंशों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बेलडेगी में घेराबंदी कर 70 बैलों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया। मौके से 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर की सुबह करीब सात बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बैलों को अवैध रूप से दूसरे राज्य ले जाने के लिए पैदल हांककर ग्राम बेलडेगी-डूमरबहार की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
पुलिस ने ग्राम बेलडेगी स्थित शंकर ढाबा के पास बैलों को पैदल ले जा रहे लोगों को घेराबंदी कर पकड़ा। मौके पर गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए 23 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बैलों के स्वामित्व और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज व रसीद मांगी, लेकिन आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध क्रमांक 266/2026 दर्ज किया।
झारखंड के दो निवासी भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में जशपुर जिले के पत्थलगांव, कांसाबेल, कुनकुरी, नारायणपुर, जशपुर और मनोरा क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। इसके अलावा झारखंड के गुमला जिले के जारी थाना क्षेत्र के दो निवासी भी पकड़े गए हैं। आरोपियों की उम्र 19 से 58 वर्ष के बीच है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 70 बैल बरामद किए। साथ ही हीरो स्प्लेंडर प्लस क्रमांक CG14ML5856 और हीरो स्प्लेंडर क्रमांक CG14MW4009 जब्त की गईं। सभी गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उनकी सुरक्षा और देखरेख के लिए गौशाला भेज दिया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार सहित पत्थलगांव पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
तस्करी के खिलाफ जारी रहेगी सख्ती
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंशों के अवैध परिवहन और तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर पुलिस की निगरानी है। अवैध तस्करी में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रधान संपादक