
पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय के सप्तम दीक्षांत समारोह में शामिल हुए राज्यपाल, 24 हजार 800 विद्यार्थियों को मिली उपाधियां
CBN36 बिलासपुर। पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ के सप्तम दीक्षांत समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं को आत्मविश्वास, निरंतर परिश्रम और अपनी प्रतिभा के बल पर जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर दोबारा प्रयास करना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी होना चाहिए।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्यपाल ने पिछले पांच वर्षों के दौरान स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा के 24 हजार 800 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने उपाधि और पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता में अभिभावकों, शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों का महत्वपूर्ण योगदान है।
राज्यपाल ने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इंटरनेट और डिजिटल तकनीक ने ज्ञान प्राप्त करने के अवसर बढ़ाए हैं। युवाओं को इनका सदुपयोग करते हुए अपनी विचारशक्ति और रचनात्मक क्षमता विकसित करनी चाहिए।
उन्होंने युवाओं से अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर आगे बढ़ने की अपील की। दूसरों की नकल और तुलना करने के बजाय अपनी विशिष्ट प्रतिभा पर भरोसा रखने की बात कही। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर अपनी अपेक्षाएं थोपने के बजाय उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ने में सहयोग करें।

राज्यपाल ने डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से बचने, समय का सदुपयोग करने और जीवन में संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने, पौधे लगाने और उनकी देखभाल जैसे छोटे-छोटे प्रयासों से भी समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के उत्थान में करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक पंडित सुंदरलाल शर्मा के नाम पर स्थापित यह विश्वविद्यालय उन विद्यार्थियों के सपनों को साकार कर रहा है, जो विभिन्न परिस्थितियों के कारण नियमित शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते। उन्होंने विश्वविद्यालय को नैक की ए प्लस ग्रेडिंग मिलने पर भी बधाई दी।

इस अवसर पर हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा ने दीक्षांत भाषण दिया, जबकि नैक अध्यक्ष नागेश्वर राव ने भी समारोह को संबोधित किया। विश्वविद्यालय के कुलपति वीरेंद्र कुमार सारस्वत ने स्वागत उद्बोधन में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की उन्नत आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण तथा स्मारिका ‘अभ्युदय’ का विमोचन किया गया। इसके साथ ही एकलव्य विद्यालय देवपहरी के 311 विद्यार्थियों को बैग, स्वेटर, टिफिन और पानी की बोतलें वितरित की गईं।
कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, विश्वविद्यालय के कार्य परिषद सदस्य, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, अधिकारी, प्राध्यापक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक