Cbn36 जशपुर। छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा की सीमाओं पर होने वाली अवैध गतिविधियों और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए तीनों राज्यों की पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक जशपुर में आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुई इस अंतरराज्यीय बॉर्डर मीटिंग में गांजा तस्करी, गौ तस्करी, अवैध धान एवं खनिज परिवहन और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने की। इस दौरान सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय बढ़ाने, अपराधियों की जानकारी साझा करने और जरूरत पड़ने पर संयुक्त कार्रवाई करने पर जोर दिया।
गांजा तस्करी रोकने के लिए बढ़ेंगी चेकिंग

बैठक में ओडिशा से छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में होने वाली गांजा तस्करी पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त चेकपोस्ट स्थापित करने और वाहनों की सघन जांच करने पर चर्चा हुई। तस्करों का डेटाबेस तैयार कर उनकी जानकारी आपस में साझा करने तथा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ समन्वित कार्रवाई करने की रणनीति बनाई गई।
स्थायी वारंटियों और अपराधियों की सूची साझा
सीमावर्ती जिलों में सक्रिय निगरानी बदमाशों, माफियाओं, गुंडा-बदमाशों और स्थायी वारंटियों की सूची साझा कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संयुक्त अभियान चलाने पर सहमति बनी। बैठक में झारखंड के 231 और ओडिशा के 40 व्यक्तियों की सूची का विवरण प्रस्तुत किया गया। वहीं छत्तीसगढ़ के बलरामपुर के 10, सरगुजा के 76 और रायगढ़ के 34 व्यक्तियों की सूची भी साझा की गई।
गौ तस्करी और अवैध खनिज परिवहन पर नजर

तीनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में गौ तस्करी के संभावित मार्गों को चिन्हांकित कर संदिग्ध वाहनों एवं तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही अवैध खनिज परिवहन और प्रतिबंधित सामग्रियों की तस्करी रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने की योजना बनाई गई।
15 नवंबर से धान खरीदी, अवैध परिवहन रोकने की तैयारी
छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी शुरू होने के मद्देनजर दूसरे राज्यों से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की आशंका पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त चेकपोस्ट स्थापित करने, धान परिवहन करने वाले वाहनों की जांच करने और बिचौलियों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करने पर जोर दिया।
सूचना तंत्र मजबूत करने पर सहमति

बैठक में अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला अपराधों के त्वरित निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान करने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित चेकिंग और संयुक्त कार्रवाई के जरिए अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण किया जाएगा।
बैठक में जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल, विभिन्न जिलों के अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, डीएसपी, थाना प्रभारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जशपुर पुलिस के अनुसार, तीनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक