
सशक्त नारी, युवा उड़ान की थीम पर भव्य आयोजन, पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती और स्वच्छता दीदियों का हुआ सम्मान
सांसद महेश कश्यप बोले- सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
CBN36 दंतेवाड़ा/रायपुर, 03 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर दंतेवाड़ा जिले के मेंडका डोबरा मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर आयोजित इस समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और विकास की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया।
राज्योत्सव का शुभारंभ बस्तर सांसद महेश कश्यप ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री का वितरण भी किया गया।
सांस्कृतिक पहचान को बचाते हुए विकास की ओर बढ़ रहा छत्तीसगढ़-सांसद कश्यप
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और प्राकृतिक संपदाओं के लिए देशभर में विशेष पहचान रखता है। प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखते हुए विकास को नई गति देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के ऐतिहासिक निर्णय के फलस्वरूप एक नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। राज्य गठन के बाद विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुले और प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की दिशा में कदम बढ़ाए।
सांसद ने कहा कि बस्तर के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, धान खरीदी और ग्रामीण अधोसंरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों का भी उल्लेख किया।
गरीबों, किसानों और वनांचल के विकास पर विशेष जोर
सांसद कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गरीब परिवारों, किसानों और वनांचल में रहने वाले लोगों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने गरीब परिवारों के लिए 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से भुगतान जैसी पहलों को जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने आम नागरिकों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बस्तर की लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान-विधायक अटामी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चौतराम अटामी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, लोककला, तीज-त्योहार और पारंपरिक रीति-रिवाज प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। विशेष रूप से बस्तर और दंतेवाड़ा की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत पूरे प्रदेश को विशिष्ट पहचान प्रदान करती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि दंतेवाड़ा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। जिले के युवा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती और स्वच्छता दीदियों का सम्मान
राज्योत्सव समारोह का विशेष आकर्षण पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती का सम्मान रहा। उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
स्वच्छता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों को भी शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह में महिलाओं के योगदान और उनकी सामाजिक भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया।
विभागीय प्रदर्शनियों में दिखी विकास योजनाओं की झलक
राज्योत्सव के अवसर पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई गईं। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से नागरिकों को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों के प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित दंतेवाड़ा राज्योत्सव ने प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, युवा प्रतिभा और विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को एक मंच पर प्रस्तुत किया।
प्रधान संपादक