
“उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में 2 नवंबर को पुलिस परेड मैदान में होगा जिला स्तरीय आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी आकर्षण का केंद्र,कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पुलिस परेड मैदान पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया”
CBN36 बिलासपुर, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बिलासपुर में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन 2 नवंबर को पुलिस परेड मैदान में किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। आयोजन में जहां छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और कला की झलक देखने को मिलेगी, वहीं करीब 40 विभागीय स्टॉलों के माध्यम से शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
राज्योत्सव की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पुलिस परेड मैदान पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी की जाएं और आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
समारोह में विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया और अटल श्रीवास्तव सहित महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी तथा विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष और जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
40 स्टॉलों में दिखेगी विकास की तस्वीर
राज्योत्सव में विभिन्न विभागों की ओर से लगभग 40 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदर्शनी केवल जानकारी देने तक सीमित न रहे, बल्कि पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था भी की जाए।
उन्होंने जीवंत मॉडल और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं को प्रदर्शित करने, स्टॉलों में विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी तथा प्रचार-प्रसार सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मुख्य मंच, सांस्कृतिक मंच, बैठक व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग और फूड जोन की तैयारियों की समीक्षा की। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए सुगम आवागमन एवं बैठने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, प्राथमिक उपचार और अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया। विद्युत उपकरणों और अस्थायी संरचनाओं की सुरक्षा जांच कराने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश भी दिए गए।
शाम 4 बजे से शुरू होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
राज्योत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहेंगी। कार्यक्रम की शुरुआत 2 नवंबर को शाम 4 बजे स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों और डीपीएस बैंड से होगी। इसके बाद आरपीएफ बैंड, साइबर साक्षरता कार्यक्रम और एकॉर्डियन वादन की प्रस्तुति होगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में राधिका शर्मा कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। वहीं तनिष्क वर्मा, कनक साहू और मयांशी खंडेलवाल गायन की प्रस्तुति देंगे। शाम 7 बजे से 7:30 बजे तक मुख्य मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद तरंग बैंड, वंदिता साहू एंड ग्रुप की सामूहिक प्रस्तुति और अंत में अनुराग शर्मा एंड ग्रुप की प्रस्तुति होगी।
राज्योत्सव के जरिए एक ओर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों को शासन की योजनाओं और जिले के विकास कार्यों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रधान संपादक