Explore

Search

November 14, 2026 11:32 am

हिंदी विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन

एकता दौड़ निकालकर सरदार वल्लभभाई पटेल को किया नमन, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

CBN36 वर्धा, 31 अक्टूबर 2026। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में एकता दौड़, राष्ट्रीय एकता की शपथ तथा सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करने सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के माध्यम से देश की एकता और अखंडता के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों के भारतीय संघ में विलय की चुनौती को सरदार पटेल ने अपनी राजनीतिक दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से पूरा किया। तत्कालीन उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के रूप में उन्होंने रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और एक सशक्त एवं अखंड भारत की नींव रखी। स्वतंत्रता संग्राम, किसान आंदोलनों और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।

इस अवसर पर सुबह 8:30 बजे फादर कामिल बुल्के अंतरराष्ट्रीय छात्रावास से सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास तक एकता दौड़ आयोजित की गई। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। वित्त अधिकारी क़ादर नवाज़ ख़ान एवं कुलानुशासक डॉ. राकेश कुमार मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। दौड़ का समापन सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास परिसर में हुआ। यहां डॉ. रामानुज अस्थाना ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई।

इसके बाद सुबह 9:30 बजे प्रशासनिक भवन में सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की गई।

कार्यक्रम में डॉ. एच.ए. हुनगुंद, डॉ. अशोकनाथ त्रिपाठी, डॉ. राजीव रंजन राय, डॉ. संदीप सपकाले, डॉ. निशीथ कुमार राय, डॉ. जयंत उपाध्यक्ष, डॉ. रवि कुमार, डॉ. श्रीनिकेत मिश्र, डॉ. रणंजय कुमार सिंह, डॉ. गिरीश चंद्र पांडे, डॉ. अंजनी कुमार राय, राजेश अरोड़ा, बी.एस. मिरगे, संगीता मालवीय, समीर अवस्थी, डॉ. अर्चना शर्मा एवं डी.एस. शर्मा सहित विश्वविद्यालय के कर्मचारी, सुरक्षा कर्मी, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अश्विन श्रीवास, संदीप पेटकर, संदीप चन्ने एवं दिनेश कुमार सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।

राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन ने सरदार पटेल के विचारों और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं आपसी सद्भाव के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराने का संदेश दिया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS