Explore

Search

October 30, 2026 8:02 pm

त्योहारों पर सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं, थाना प्रभारियों की जवाबदेही होगी तय: रायपुर रेंज आईजी

“आईजी अमरेश कुमार मिश्रा ने अपराध समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, लंबित मामलों की विवेचना से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था तक पर जताई गंभीरता”

CBN36 रायपुर, 30 अक्टूबर 2026।छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह बनाने के लिए रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश कुमार मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों और संवेदनशील इलाकों में सघन पेट्रोलिंग, प्रभावी चेकिंग तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि थाना स्तर पर जवाबदेही तय होनी चाहिए और वरिष्ठ अधिकारी केवल समीक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में उतरकर पुलिसिंग को प्रभावी बनाएं।

शुक्रवार को आईजी आईपीएस अमरेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित रेंज स्तरीय अपराध समीक्षा एवं समन्वय बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की विवेचना, अभियोजन, यातायात प्रबंधन, न्यायालयीन समन्वय और जनशिकायतों के निराकरण की समीक्षा की गई। बैठक में रेंज के समस्त पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक सीएसपी उप पुलिस अधीक्षक डीएसपी और रक्षित निरीक्षक उपस्थित रहे।

थाना प्रभारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक की जिम्मेदारी तय करने पर जोर

आईजी मिश्रा ने पुलिसिंग में कार्यकुशलता, जवाबदेही और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में थाना प्रभारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। वहीं, सीएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों को भी फील्ड ऑपरेशन, अपराधों की विवेचना और कानून-व्यवस्था की निगरानी में प्रत्यक्ष भागीदारी निभानी होगी।

उन्होंने निर्देशित किया कि वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करें, संवेदनशील स्थानों की निगरानी करें और थाना स्तर पर चल रहे कार्यों की समीक्षा कर कमियों को दूर कराएं।

त्योहारों पर बाजारों और संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। चोरी, उठाईगिरी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी चेकिंग और सघन पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

आईजी ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा पुलिस बल की जरूरत के अनुसार तैनाती करने पर भी जोर दिया, ताकि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

लंबित अपराधों की विवेचना में देरी पर रहेगी नजर

बैठक में लंबित अपराधों की नियमित समीक्षा और निर्धारित वैधानिक समयसीमा के भीतर चालान पेश करने के निर्देश दिए गए। गंभीर अपराधों में प्रभावी विवेचना के साथ अभियोजन पक्ष से बेहतर समन्वय और जमानत का प्रभावी विरोध सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा, जिन मामलों में कानून अनुमति देता है, उनमें अभियुक्त की अनुपस्थिति में विचारण से संबंधित वैधानिक प्रावधानों के उपयोग पर भी ध्यान देने को कहा गया। उद्देश्य यह है कि अनावश्यक देरी को कम कर न्यायिक प्रक्रिया को गति दी जा सके।

ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापारिक संगठनों की भी ली जाएगी मदद

शहरों में बढ़ते यातायात दबाव को व्यवस्थित करने के लिए आईजी ने व्यापारिक संगठनों और चैंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से ट्रैफिक वार्डन व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उपलब्ध सीसीटीवी नेटवर्क का प्रभावी उपयोग कर यातायात नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।इस पहल का उद्देश्य यातायात प्रबंधन में जनभागीदारी बढ़ाना और पुलिस संसाधनों का अधिक प्रभावी इस्तेमाल करना है।

समंस-वारंट की तामीली और पुराने मामलों के निपटारे पर जोर

न्यायालयीन प्रक्रिया को गति देने के लिए समंस और वारंट की तामीली की डिजिटल मॉनिटरिंग तथा न्यायालयों के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुराने और सामान्य प्रकृति के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

आईजी ने अधिकारियों को न्यायालयीन कार्यों की नियमित समीक्षा कर लंबित प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

साइबर ठगी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जनशिकायतों के निराकरण और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की समीक्षा के दौरान 1930 साइबर हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। भूमि विवादों में समय रहते वैधानिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने और संभावित विवादों को गंभीर रूप लेने से पहले नियंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके साथ ही पुलिस बल का युक्तियुक्त आवंटन करने और उपलब्ध संसाधनों का जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया।

शिकायतकर्ताओं से संवेदनशील व्यवहार, पुलिसकर्मियों की जवाबदेही जरूरी

आईजी अमरेश कुमार मिश्रा ने थाना स्तर पर शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करने, पुलिसकर्मियों के कार्यों का स्पष्ट निर्धारण करने और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने गंभीर अपराधों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना, अभियोजन से समन्वय और नागरिकों को समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देने की बात कही।

परिणाम दिखाने वाली पुलिसिंग पर रहेगा जोर

आईजी मिश्रा ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता केवल बैठकों और निर्देशों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका असर अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं में दिखाई देना चाहिए।उन्होंने प्रभावी पर्यवेक्षण, जवाबदेही, परिणामोन्मुखी पुलिसिंग और संवेदनशील जनशिकायत निवारण को पुलिस व्यवस्था में जनविश्वास मजबूत करने का प्रमुख आधार बताया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS