Explore

Search

November 4, 2026 9:30 pm

जशपुर में शुरू हुआ ‘हेलमेट बैंक’, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ, अब जरूरतमंदों को मिलेगी मुफ्त में अस्थायी सुविधा

CBN36 जशपुर। सड़क दुर्घटनाओं में अनमोल जिंदगियों को बचाने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने एक अभिनव पहल करते हुए ‘हेलमेट बैंक’ की शुरुआत की है। बुधवार को पुलिस लाइन जशपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फीता काटकर इस जनहितकारी पहल का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नागरिकों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित वाहन चालन और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।

जशपुर पुलिस की इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हेलमेट के अभाव में किसी भी व्यक्ति को असुरक्षित सफर न करना पड़े। पुलिस अधीक्षक डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान के तहत आकस्मिक जरूरत या आर्थिक परेशानी के कारण हेलमेट उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस लोगों को अस्थायी रूप से हेलमेट उपलब्ध कराएगी।

जरूरत पड़ने पर पुलिस देगी हेलमेट, खरीदने के बाद करना होगा वापस

हेलमेट बैंक की खासियत यह है कि यदि किसी व्यक्ति को अचानक कहीं जाना हो और उसके पास हेलमेट उपलब्ध न हो, तो वह पुलिस से हेलमेट प्राप्त कर सकेगा। अपना हेलमेट खरीद लेने के बाद उसे पुलिस का हेलमेट वापस करना होगा। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए पुलिस के साथ एक छोटी-सी जनसेवा गतिविधि में भी भाग लेना होगा। इस तरह हेलमेट बैंक के माध्यम से लोगों को सुविधा देने के साथ उन्हें सड़क सुरक्षा अभियान से भी जोड़ा जाएगा।

बिना हेलमेट पकड़े जाने पर हेलमेट खरीदने का भी मिलेगा अवसर

जशपुर पुलिस ने चालानी कार्रवाई के साथ जागरूकता को प्राथमिकता देते हुए एक और पहल की है। इसके तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते पाए जाने पर चालक द्वारा नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालानी कार्रवाई किए मोटरसाइकिल वापस की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य लोगों को दंडित करने के बजाय उनमें हेलमेट पहनने की स्थायी आदत विकसित करना है।

हेलमेट रैली से लेकर स्कूल-कॉलेज और बाजारों तक पहुंचेगा जागरूकता अभियान

जशपुर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने के लिए जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। हेलमेट रैली निकालने के साथ पुलिस की टीमें स्कूलों, कॉलेजों और साप्ताहिक बाजारों में पहुंचकर विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रही हैं। लोगों को सड़क सुरक्षा के सात वचनों का संकल्प भी दिलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत वाहन चालकों को स्वयं हेलमेट पहनने, पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी जा रही है।

पुलिस मितानों से मिले मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में सहभागिता की दी बधाई

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होकर लौटे जशपुर पुलिस के पुलिस मितानों से भी सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने इस गौरवपूर्ण आयोजन में सहभागिता के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सांसद रायगढ़ राधेश्याम राठिया, विधायक जशपुर रायमुनी भगत, विधायक पत्थलगांव गोमती साय, सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, सरगुजा संभाग के कमिश्नर नरेंद्र कुमार दुग्गा, कलेक्टर रोहित व्यास, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, डीएसपी ट्रैफिक कुंज राम चौहान, एसडीओपी निमितेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

‘हर हेड में हो हेलमेट’ का दिया संदेश

जशपुर पुलिस की यह पहल केवल हेलमेट उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति प्रत्येक नागरिक को जिम्मेदार बनाना है। पुलिस का प्रयास है कि हेलमेट पहनना चालानी कार्रवाई से बचने की मजबूरी नहीं, बल्कि जीवन बचाने की स्वाभाविक आदत बने।

जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाएं। क्योंकि एक छोटी-सी सावधानी किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS