CBN36 मुंगेली। विधि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और उत्कृष्ट मंच संचालन की प्रतिभा के लिए जिले के युवा अधिवक्ता सूरज शर्मा को जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में सम्मानित किया गया। शहीद वीर धनंजय सिंह स्टेडियम में आयोजित एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
सूरज शर्मा वर्तमान में जिला एवं सत्र न्यायालय मुंगेली में अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने विधिक जागरूकता के क्षेत्र में विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण अंचलों के साथ-साथ स्कूलों एवं महाविद्यालयों में लोगों को कानून के प्रति जागरूक करने का सराहनीय कार्य किया है। आमजन को उनके कानूनी अधिकारों और दायित्वों की जानकारी देने के लिए उनके प्रयास लगातार जारी हैं।
विधिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ ही सूरज शर्मा ने सार्वजनिक एवं शासकीय कार्यक्रमों में अपने प्रभावशाली मंच संचालन से भी अलग पहचान बनाई है। जिले के प्रमुख शासकीय आयोजनों में वे अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति और प्रभावशाली अभिव्यक्ति के लिए जाने जाते हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में निरंतर सहभागिता ने उन्हें एक बहुआयामी युवा व्यक्तित्व के रूप में पहचान दिलाई है।
उल्लेखनीय है कि सूरज शर्मा पूर्व में भारत की संसद में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद कार्यक्रम सहित अनेक राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इन कार्यक्रमों में उन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त किए हैं।
राज्योत्सव में मिला यह सम्मान उनकी मेहनत, समर्पण और सामाजिक योगदान की पहचान है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के युवाओं में भी उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ है।
सूरज शर्मा की उपलब्धि पर मुंगेली विधायक, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, एसएसपी भोजराम पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधान संपादक