Explore

Search

February 3, 2026 5:34 pm

इंस्टाग्राम की दोस्ती बनी जानलेवा, शक और गुस्से ने ली युवक की जान

बिलासपुर।सोशल मीडिया पर बनी दोस्ती कब खतरनाक मोड़ ले ले, इसका भयावह उदाहरण न्यायधानी बिलासपुर में सामने आया है। इंस्टाग्राम पर शुरू हुए प्रेम संबंध में शक और नाराजगी इस हद तक बढ़ गई कि एक युवती ने अपने ही प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के उसलापुर स्थित शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी की है, जहां किराए के मकान में रह रहे 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। पुलिस ने आरोपी युवती को मौके से गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया है।

मृतक की पहचान कामता प्रसाद (25) के रूप में हुई है, जो होटल में सेफ सहायक के पद पर कार्यरत था। वह मूल रूप से रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खुटाघाट कर्रा का निवासी था और नौकरी के सिलसिले में बिलासपुर में अपने दोस्त के साथ किराए के मकान में रह रहा था। मकान अंजू लाल का बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, कुछ माह पहले कामता प्रसाद की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम झलमला निवासी रौशनी सूर्यवंशी (22) से हुई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मुलाकातें भी होने लगीं।

बताया गया कि दो–तीन दिन पहले किसी विवाद के बाद कामता प्रसाद ने रौशनी को इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया था। इसी बात से युवती नाराज चल रही थी और उसे शक था कि युवक किसी अन्य युवती से बातचीत कर रहा है।इसी शक और गुस्से में रौशनी सूर्यवंशी चाकू लेकर कामता के शुभम विहार स्थित किराए के मकान पहुंची। उस समय घर में कामता का एक दोस्त भी मौजूद था।

आरोपी युवती ने कामता से उसका मोबाइल फोन मांगा और कहा कि वह उसकी बातचीत देखना चाहती है। मोबाइल देने से इंकार करने पर विवाद बढ़ गया और इसी दौरान युवती ने चाकू से कामता के सीने पर वार कर दिया।

अचानक हुए हमले में युवक संभल नहीं पाया और एक ही वार में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर में मौजूद दोस्त के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए और आरोपी युवती को पकड़ लिया।

सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने इंस्टाग्राम पर ब्लॉक किए जाने और शक को हत्या की वजह बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई यह प्रेम कहानी अंततः खून-खराबे में बदल गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

क्या कहा एसएसपी रजनेश सिंह ने

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी युवती और मृतक के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से परिचय हुआ था। युवक द्वारा इंस्टाग्राम पर ब्लॉक किए जाने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ, जो दुर्भाग्यवश हिंसक रूप ले गया। आरोपी युवती ने आवेश में आकर चाकू से वार किया, जिससे युवक की मृत्यु हो गई।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है तथा सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहनता से जांच की जा रही है।

आरोपी की मानसिक स्थिति, घटना के पीछे के कारणों और सोशल मीडिया से जुड़े पहलुओं की भी विवेचना की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर आरोपी का मनोवैज्ञानिक परीक्षण कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी सिंह ने कहा कि यह घटना युवाओं के लिए चेतावनी है कि सोशल मीडिया के माध्यम से बने संबंधों में संयम, संवाद और सतर्कता बेहद आवश्यक है। किसी भी प्रकार के विवाद को हिंसा का रूप न लेने दें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS