Explore

Search

February 4, 2026 1:55 pm

अर्पण अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने 100 गुम मोबाइल खोजकर लौटाए, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

बिलासपुर। आपकी एक आस, आपकी अमानत आपके पास के संदेश के साथ बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए अर्पण अभियान के तहत एक बार फिर लोगों को बड़ी राहत मिली है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए 100 मोबाइल फोन को खोजकर पुलिस ने उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी और राहत साफ नजर आई।


सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि मोबाइल गुम होने की लगातार मिल रही शिकायतों को पुलिस ने गंभीरता से लिया। इसके बाद एसीसीयू और जिले के सभी थानों की टीमों द्वारा तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए विशेष खोज अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बीते एक माह में न केवल बिलासपुर शहर, बल्कि जिले से सटे अन्य जिलों से भी मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई मोबाइल राज्य के दूरस्थ जिलों और अन्य राज्यों में सक्रिय थे। ऐसे मामलों में संबंधित स्थानों पर समन्वय स्थापित कर अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई जारी है। मोबाइल वितरण कार्यक्रम में करीब 160 लोग उपस्थित रहे। सभी को उनके गुम हुए मोबाइल विधिवत सत्यापन के बाद लौटाए गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया और अभियान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान एएसपी पंकज पटेल, रामगोपाल करियारे, सीएसपी निमितेष सिंह, एसीसीयू प्रभारी हेमंत आदित्य और साइबर एक्सपर्ट एसआई प्रभाकर तिवारी उपस्थित रहे।

साइबर ठगी से बचाव की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान साइबर एक्सपर्ट एसआई प्रभाकर तिवारी ने उपस्थित लोगों को वर्तमान समय में प्रचलित साइबर ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, वीडियो कॉल के माध्यम से ठगी, व्हाट्सएप डीपी बदलकर ठगी, बिटकॉइन निवेश, टूरिज्म प्लान, कस्टमर केयर के नाम पर कॉल, ऑनलाइन लोन एप जैसी ठगी के मामलों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि मोबाइल पर आने वाली किसी भी एपीके फाइल को डाउनलोड करना खतरनाक हो सकता है। साथ ही अनजान व्यक्ति को ओटीपी साझा न करने और संदिग्ध कॉल या मैसेज की तुरंत सूचना पुलिस को देने की सलाह दी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS