बिलासपुर। बलौदाबाजार में हुई हिंसा के मामले में नामजद आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार भड़काऊ गतिविधियां किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग कर समाज में उन्माद, वर्ग संघर्ष और सामाजिक विद्वेष फैलाने की कोशिश कर रहा है। इस संबंध में सिम्स के एक चिकित्सक ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सिम्स में पदस्थ डाॅ. संजय बंजारे ने अपनी शिकायत में बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाला जितेंद्र बंजारा बलौदाबाजार हिंसा प्रकरण का आरोपी है। वर्तमान में वह अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से समाज के एक वर्ग को दूसरे वर्ग के खिलाफ भड़काने वाले वीडियो और पोस्ट लगातार अपलोड कर रहा है। इन पोस्टों में अत्यंत आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के खिलाफ आधारहीन और अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। डाॅ. बंजारे के अनुसार आरोपी पिछले कई महीनों से लगातार इस तरह की गतिविधियों में संलग्न है। उसके द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो और संदेश फेसबुक अकाउंट तथा विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल हो रहे हैं, जिससे समाज में तनाव और असंतोष की स्थिति निर्मित हो रही है। इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका भी लगातार बनी हुई है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि बाबा गुरु घासीदास की जयंती के अवसर पर महंतबाड़ा स्थित जैतखंभ में पूजन-दर्शन के लिए पहुंचे अन्य समाजों और सामाजिक संगठनों के लोगों के साथ आरोपी ने अभद्र व्यवहार किया था। इस घटना के बाद आरोपी ने आपत्तिजनक टिप्पणियों और भड़काऊ बातों के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह वीडियो वर्तमान में भी उसके फेसबुक अकाउंट और संबंधित व्हाट्सएप ग्रुपों में उपलब्ध बताए जा रहे हैं। डाॅक्टर का कहना है कि आरोपी की इस तरह की गतिविधियों से समाज में विद्वेष और वर्ग संघर्ष को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 196, 296, 299, 302, 351 और 352 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
प्रधान संपादक


