Explore

Search

February 4, 2026 3:46 pm

मासूम किड्स स्कूल में दादा-दादी, नाना-नानी दिवस का भव्य आयोजन

बिलासपुर। दयालबंद स्थित मासूम किड्स स्कूल के राजा रणजीत सिंह हाल में मंगलवार तीन फरवरी को दादा-दादी, नाना-नानी दिवस का आयोजन बड़े ही उल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने दादा-दादी और नाना-नानी के प्रति प्रेम, सम्मान और भावनाओं को मंच पर प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने अपने दादा-दादी और नाना-नानी के बारे में उनकी अच्छी आदतों, उनसे मिली सीख और उनके साथ बिताए गए यादगार पलों को सरल और भावुक शब्दों में साझा किया। बच्चों की मासूम अभिव्यक्ति ने उपस्थित बुजुर्गों को भावुक कर दिया। इसके साथ ही नृत्य, गीत और अन्य रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजेंद्र चावला, सीएल सराफ, किशोर गेमनानी एवं जीके मिश्रा उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने विचार रखते हुए कहा कि दादा-दादी और नाना-नानी बच्चों के जीवन में संस्कार, अनुभव और स्नेह का सबसे बड़ा स्रोत होते हैं। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों के बीच के स्नेहिल रिश्ते की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया। इस दौरान बच्चों और उनके दादा-दादी, नाना-नानी के बीच कई रोचक खेल भी खिलाए गए, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्कूल की डायरेक्टर डॉ. सुनीता चावला एवं नीतू चावला द्वारा सभी दादा-दादी और नाना-नानी को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सुचारू एवं प्रभावी संचालन शोभा मजूमदार द्वारा किया गया। स्कूल की शिक्षिकाओं शिल्पा, भाग्यलक्ष्मी, दुर्गा साहू, कोमल नरवानी, पूजा चक्रवर्ती, श्वेता, मिस माही भट्ट एवं मानवी साहू के मार्गदर्शन में बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। अंत में स्कूल की डायरेक्टर सुनीता चावला ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मासूम किड्स स्कूल बच्चों में अच्छे संस्कार, पारिवारिक मूल्यों और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने आयोजन की सराहना की और इसे एक यादगार अनुभव बताया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS