Explore

Search

February 10, 2026 3:16 pm

 एसीबी की बड़ी कार्रवाई पामगढ़ में महिला अतिरिक्त तहसीलदार व पटवारी 35 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले की पामगढ़ तहसील में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित चोरभट्टी धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी से रिश्वत की मांग कर रहे थे।

एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार धान खरीदी केंद्र के भौतिक सत्यापन एवं टोकन काटने की प्रक्रिया के दौरान अनुकूल रिपोर्ट देने के एवज में अतिरिक्त तहसीलदार और पटवारी ने रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में धान उपार्जन केंद्र प्रभारी ने एसीबी बिलासपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। तय योजना के तहत एसीबी की टीम पामगढ़ तहसील कार्यालय पहुंची। जैसे ही अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव ने प्रार्थी से 35 हजार रुपये की रिश्वत ली, प्रार्थी के संकेत पर एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी ने आरोपियो के पास से वही नोट बरामद किए, जिनकी सीरीज पहले दर्ज की गई थी। केमिकल लगे नोटों के संपर्क में आने से दोनों के हाथ रंग गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।

कार्रवाई के दौरान पामगढ़ तहसील कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। परिसर में एसडीएम कार्यालय और व्यवहार न्यायालय स्थित होने के कारण बड़ी संख्या में वकील और पक्षकार मौजूद थे, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

एसीबी ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार, दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजने के लिए संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

उल्लेखनीय है कि एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा प्रदेशभर में भ्रष्टाचार के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई भी की गई है। एसीबी के डीएसपी अजितेश सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय विभाग में पदस्थ लोकसेवक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की स्थिति में इसकी सूचना तत्काल एंटी करप्शन ब्यूरो को दें ताकि नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS