
100 से अधिक साइकिल सवारों ने लिया हिस्सा, युवाओं को दिया नशामुक्ति और फिटनेस का संदेश
CBN36 वर्धा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में ‘संडे ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण के अवसर पर रविवार को वर्धा में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन, स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
रैली का शुभारंभ नगराध्यक्ष सुधीर पांगुळ ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर प्रतिमा स्थल से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर निसर्ग सेवा समिति के मुरलीधर बेलखोडे, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी बी. एस. मिरगे, राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रफुल्ल भोयर, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के निलेश झाडे, खेल कार्यालय की सोनवणे एवं जाधव मैडम, माय भारत के दयाराम रामटेके, सतीश इंगोले, शुभम ताकसांडे तथा साम टीवी के सुरेंद्र रामटेके सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रैली में लेट्स राइट के प्रथमेश गुप्ता, शुभम जुगनाके, नितेश बेसेकर, यातायात पुलिस विभाग के जवानों और सिविल अस्पताल के कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। लगभग 100 से 125 साइकिल सवारों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया।
साइकिल रैली डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर प्रतिमा स्थल से प्रारंभ होकर झांसी रानी चौक, जी. एस. कॉलेज, महात्मा गांधी प्रतिमा और जिलाधिकारी कार्यालय होते हुए पुनः प्रारंभिक स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर नगराध्यक्ष सुधीर पांगुळ ने युवाओं से स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने तथा प्रतिदिन साइकिल चलाने की अपील की। उन्होंने फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कश्मीर से कन्याकुमारी तक साइकिल यात्रा करने वाले साइकिल सवारों का विशेष सम्मान किया गया। निसर्ग सेवा समिति के मुरलीधर बेलखोडे ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों के हाथों सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय खेल मंत्री के संदेशों का वाचन भी किया गया।
‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के संकल्प के साथ आयोजित इस रैली ने युवाओं को नशे से दूर रहने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया।
प्रधान संपादक