Explore

Search

November 29, 2026 7:15 pm

शासकीय जमीन के फर्जीवाड़े में एक और गिरफ्तारी, मुख्तारधारी कैलाश जेठवानी गिरफ्तार

CBN36 रायगढ़। शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण और बिक्री के मामले में कापू पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। ग्राम रायमेर की सरकारी जमीन को कूटरचित दस्तावेजों और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर निजी व्यक्तियों के नाम कराने के मामले में पुलिस ने मुख्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी (46 वर्ष) निवासी पतरापारा, धरमजयगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में नामजद पांचों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस की गिरफ्तारी संबंधी कार्रवाई पूरी हो गई है।

पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा 11 अगस्त 2026 को हुआ, जब तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के विभिन्न खसरों में कूटरचना कर खसरा बंटाकन और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर किया गया। इसके बाद फर्जी पट्टे तैयार कर दलालों के माध्यम से सरकारी जमीन की रजिस्ट्री निजी व्यक्तियों के नाम कराई गई।

जांच में तत्कालीन पटवारी राकेश साय की भूमिका सामने आई, जिस पर शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज करने और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर आगे अंतरण कराने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने तत्कालीन पटवारी राकेश साय, मुख्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी, भूमि विक्रेता उजीतराम तथा रजिस्ट्री के अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो और लालबहादुर यादव के विरुद्ध अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 120(बी) भादवि में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने सबसे पहले 2 सितंबर को तत्कालीन पटवारी राकेश साय को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किए गए थे। इसके बाद रजिस्ट्री गवाह अगस्तुस खलखो और भूमि विक्रेता उजीतराम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। वहीं आरोपी लालबहादुर यादव ने न्यायालय से अग्रिम जमानत का आदेश प्रस्तुत किया, जिसके बाद उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की गई।

मामले में मुख्तारधारी कैलाश जेठवानी की भूमिका की जांच के दौरान पुलिस ने 27 नवंबर को उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2022 में ग्राम रायमेर निवासी उजीत कुमार ने संबंधित भूमि के विक्रय के लिए उसे पावर ऑफ अटॉर्नी (मुख्तारनामा) दिया था। उसने रजिस्ट्री से पहले रजिस्ट्री गवाह लालबहादुर यादव से मोबाइल पर बातचीत होने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने रजिस्ट्री के दौरान प्रस्तुत उसका आधार कार्ड भी साक्ष्य के रूप में जब्त किया है।

एसडीओपी धरमजयगढ़ के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की के नेतृत्व में पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। सरकारी जमीन के दस्तावेजों में कथित कूटरचना और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर से जुड़े इस प्रकरण में अब सभी पांचों नामजद आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी हो चुकी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS