CBN36 तखतपुर। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू रविवार को तखतपुर स्थित मोहन वाटिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में शामिल हुए। भाजपा मंडल तखतपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने विधायक धर्मजीत सिंह और बड़ी संख्या में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

इस अवसर पर तोखन साहू ने कहा कि ‘मन की बात’ जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने वाला सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक और प्रेरणादायक कार्यों को सामने लाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के विचारों और जनकल्याणकारी संदेशों को प्रत्येक बूथ, गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

विधायक धर्मजीत सिंह ने भी कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात करने और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को नशे से दूर रहने, साइबर धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने और ‘संचार साथी’ ऐप का उपयोग करने का संदेश दिया। उन्होंने फिट इंडिया अभियान के तहत नियमित व्यायाम करने, मोटापे से बचने के लिए भोजन में तेल की मात्रा 10 प्रतिशत कम करने तथा नई तकनीकों और कौशल को सीखने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने बिहार म्यूजियम, वडनगर म्यूजियम, पुणे में वर्ष 2032 की साइक्लिंग रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी तथा विदेशों में भारतीय समुदाय द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल तखतपुर अध्यक्ष नैन लाल साहू, महामंत्री प्रमोद ठाकुर, प्रीतम कश्यप सहित प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक