पहले मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, दूसरे मामले में भी चोरी के जेवर बरामद; एक आरोपी अब भी फरार
CBN36 बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के खमतराई में सूने मकानों को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले आरोपी का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी कुणाल सिंह ध्रुव को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर दोनों घटनाओं में चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पहली घटना में चोरी के जेवर रखने के आरोप में दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, खमतराई के सूर्यवंशी मोहल्ले में 3 नवंबर 2026 की रात चोरी की वारदात हुई थी। परिवार के लोग घर की परछी में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने कमरे की सिटकिनी खोलकर आलमारी का लॉक तोड़ा और सोने का मंगलसूत्र, माला, टॉप्स, नथनी सहित चांदी के पायल, करधन, बिछिया, कंगन, अंगूठी और अन्य जेवरात पार कर दिए थे। इस मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1608/2026 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने खमतराई निवासी कुणाल ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि सोने के जेवर ननची पटेल और चांदी के जेवर दीपा चौहान तथा देवराज चौहान के पास रखवाए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुणाल ध्रुव, ननची पटेल और दीपा चौहान को गिरफ्तार कर चोरी के जेवरात बरामद किए। फरार आरोपी देवराज चौहान की तलाश जारी है।
इसी आरोपी का नाम 25-26 नवंबर 2026 को खमतराई के पटेल मोहल्ले में हुई दूसरी चोरी की वारदात में भी सामने आया। यहां रश्मि पटेल के मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर ने आलमारी से सोने के गेहूं दाना, अंगूठी, चांदी की पायल, चेन, अंगूठी और हाथ कड़ा सहित करीब 20 हजार रुपये से अधिक कीमत के जेवरात चोरी कर लिए थे। इस मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1730/2026 दर्ज किया गया था।
दूसरी घटना की जांच के दौरान पुलिस ने कुणाल सिंह ध्रुव को संदेह के आधार पर पकड़ा। पूछताछ में उसने 25 नवंबर की चोरी के साथ करीब 25 दिन पहले सूर्यवंशी मोहल्ले में हुई चोरी की वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट, चांदी की पायल, लच्छा सहित अन्य जेवरात बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, कुणाल ध्रुव के विरुद्ध पूर्व में भी चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में थाना सरकंडा पुलिस और सिविल टीम द्वारा की गई।दो चोरी की वारदातों का खुलासा कर आदतन आरोपी को गिरफ्तार करना सरकंडा पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
प्रधान संपादक