
कलेक्टर संजय अग्रवाल की पहल पर जिले में निःशुल्क AI प्रशिक्षण अभियान जारी, दिसंबर में तखतपुर, मस्तूरी और कोटा विकासखंड में भी शुरू होगा प्रशिक्षण
CBN36 बिलासपुर। जिले की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल की पहल और जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय, निजी एवं अनुदान प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और Canva for Education का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अभियान के पहले चरण में बिल्हा विकासखंड के 5 हजार से अधिक शिक्षक इस प्रशिक्षण से जुड़ चुके हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने कहा कि भारत सरकार का लक्ष्य एक करोड़ लोगों को AI का प्रशिक्षण देना है। वर्तमान समय में तकनीकी कौशल के साथ मानवीय कौशल का विकास भी जरूरी है। शिक्षकों और विद्यार्थियों को AI के उपयोग के साथ-साथ इसके जिम्मेदार इस्तेमाल तथा सही और गलत के बीच अंतर समझना भी आवश्यक है।
बीईओ बिल्हा भूपेंद्र कौशिक के अनुसार, अभियान के तहत अब तक 50 से अधिक ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। बिल्हा विकासखंड की बिल्हा, बिलासपुर और बेलतरा तहसीलों के 297 शासकीय प्राथमिक, 167 पूर्व माध्यमिक, 81 हाई एवं हायर सेकेंडरी तथा 300 से अधिक निजी स्कूलों के शिक्षक इस पहल से लाभान्वित हो रहे हैं। कार्यक्रम को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 14 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक 12462/सामान्य/2026-27 के माध्यम से अनुमति प्रदान की गई है। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क है और इसके लिए स्कूलों पर कोई आर्थिक भार नहीं पड़ेगा।
23 नवंबर से शुरू हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्किलजा फाउंडेशन (Skillzza Foundation), EdgeSpark IT Ventures Pvt. Ltd. की प्रशिक्षकों की टीम द्वारा Google Meet के माध्यम से प्रतिदिन दो ऑनलाइन सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक सत्र डेढ़ घंटे का है। प्रशिक्षक चयन, मयूरी, सोनाली, भूमिका, प्रेक्षा एवं जैनब शिक्षकों को AI के व्यावहारिक उपयोग के साथ Canva की मदद से PPT, पोस्टर, वर्कशीट, पाठ योजना, वीडियो और अन्य शिक्षण सामग्री तैयार करने का प्रशिक्षण दे रही हैं।
30 नवंबर को एमएलबी, तारबाहर एवं बिजौर संकुल सहित शेष लगभग 700 शिक्षकों का ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। स्किलजा फाउंडेशन की संस्थापक एवं सीईओ स्वाति गुप्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उनकी संस्था का संकल्प है। संस्था का उद्देश्य शिक्षकों और विद्यार्थियों को AI की जानकारी देकर भविष्य की तकनीकी जरूरतों के लिए तैयार करना है।
बिल्हा ब्लॉक के नोडल अधिकारी मुकेश अग्रवाल ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने वाले शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और सम्मान से भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षक केवल AI का उपयोग करना ही नहीं, बल्कि इसका सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल करते हुए अपने रोजमर्रा के शैक्षणिक कार्यों को आसान बनाना भी सीख रहे हैं। शिक्षकों की स्वैच्छिक भागीदारी से कार्यक्रम को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
अभियान के अगले चरण में दिसंबर माह में तखतपुर, मस्तूरी एवं कोटा विकासखंड के शिक्षकों को भी निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद जिले के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को AI एवं डिजिटल क्रिएटिविटी का प्रशिक्षण देने की योजना है, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई, प्रोजेक्ट और रचनात्मक गतिविधियों में आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर सकें।
बिल्हा विकासखंड के 59 संकुलों के संकुल प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों के सहयोग से अभियान संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में संकुल एबीईओ श्रीमती दीप्ति गुप्ता एवं श्रीमती सुनीता ध्रुव, बीआरसी श्री देवी चंद्राकर, वासुदेव पांडेय तथा संकुल समन्वयक केशव वर्मा, राकेश शुक्ला, सुनील पांडेय, राजेश कौशिक, कौस्तुभ पांडेय, डीएन यादव, अजय साहू, शाहीन अंसारी सहित अनेक शिक्षक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की यह पहल बिलासपुर की शिक्षा व्यवस्था को डिजिटल युग के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे न केवल शिक्षकों की तकनीकी दक्षता बढ़ेगी, बल्कि विद्यार्थियों को भी भविष्य की नई तकनीकों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
प्रधान संपादक