तीन साल में रेलवे सुरक्षा बल ने पेश की मानवीय सेवा की मिसाल, 2026 में नवंबर तक 318 बच्चों का किया रेस्क्यू
CBN36 बिलासपुर। रेलवे की पटरियों और स्टेशनों पर केवल ट्रेनों की आवाजाही ही नहीं, बल्कि कई मासूमों की जिंदगी की उम्मीदें भी जुड़ी होती हैं। घर से भटके, परिजनों से बिछड़े और मुश्किल परिस्थितियों में रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने वाले बच्चों के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का ‘ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते’ किसी सुरक्षा अभियान से बढ़कर उम्मीद की किरण साबित हो रहा है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पिछले तीन वर्षों में 930 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू कर सुरक्षित सहायता उपलब्ध कराने में सफलता हासिल की है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर और नागपुर रेल मंडलों में चलाए जा रहे इस अभियान के आंकड़े रेलवे सुरक्षा बल की सक्रियता और मानवीय संवेदनशीलता की कहानी बयां करते हैं। वर्ष 2024 से नवंबर 2026 तक कुल 930 बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इनमें 582 बालक और 348 बालिकाएं शामिल हैं।
हर साल बढ़ता रहा अभियान का दायरा
आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 में रेलवे सुरक्षा बल ने 300 बच्चों को रेस्क्यू किया था। इनमें 188 बालक और 112 बालिकाएं थीं। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 312 हो गई, जिनमें 184 बालक और 128 बालिकाएं शामिल थीं। वहीं, वर्ष 2026 में नवंबर तक ही 318 बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। इनमें 210 बालक और 108 बालिकाएं हैं।
खास बात यह है कि वर्ष 2026 के नवंबर तक ही पिछले दोनों वर्षों की तुलना में सर्वाधिक बच्चों को रेस्क्यू किया गया है। यह रेलवे सुरक्षा बल की बढ़ती सतर्कता और अभियान के निरंतर संचालन को दर्शाता है।
स्टेशन और ट्रेनों में चौकस निगाहें
‘ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते’ के तहत आरपीएफ के जवान रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में ऐसे बच्चों पर विशेष नजर रखते हैं, जो अकेले, परेशान अथवा असहाय स्थिति में दिखाई देते हैं। बच्चों की पहचान होने पर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके बाद नियमानुसार संबंधित गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), बाल संरक्षण तंत्र और अभिभावकों के समन्वय से आगे की कार्रवाई की जाती है।
सुरक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन
रेलवे सुरक्षा बल की भूमिका अब केवल रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा तक सीमित नहीं रह गई है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, जरूरतमंद यात्रियों की मदद तथा संकट की स्थिति में त्वरित सहायता जैसे कार्यों के माध्यम से आरपीएफ सामाजिक दायित्वों का भी प्रभावी निर्वहन कर रहा है।
930 बच्चों को रेस्क्यू करने का आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि रेलवे सुरक्षा बल के जवान चौबीसों घंटे ड्यूटी के साथ मानवीय जिम्मेदारियों को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। ‘ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते’ ने यह संदेश दिया है कि रेलवे स्टेशन पर किसी मासूम की बेबसी को अनदेखा नहीं किया जाता, बल्कि उसे सुरक्षित भविष्य की ओर पहुंचाने के लिए मदद के हाथ आगे बढ़ते हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का यह अभियान न केवल बिछड़े बच्चों को उनके परिजनों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, बल्कि रेलवे सुरक्षा बल की संवेदनशील छवि और सामाजिक प्रतिबद्धता को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।
प्रधान संपादक