Explore

Search

November 10, 2026 2:58 pm

एसएसपी भोजराम पटेल की सख्ती से जुआरियों में मचा हड़कंप, 10 दिन में 331 गिरफ्तार

‘ऑपरेशन बाज’ से मुंगेली पुलिस का बड़ा प्रहार, 87 प्रकरण दर्ज कर 1.60 लाख रुपये जब्त

CBN36 मुंगेली। दीपावली पर्व के दौरान जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने मुंगेली पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ रखा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के कड़े निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत जिलेभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। अभियान के महज 10 दिनों में पुलिस ने 87 प्रकरण दर्ज कर 331 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। वहीं जुआ फड़ों और आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 60 हजार 100 रुपये नगद सहित ताश की 52 पत्तियां जब्त की गई हैं।

एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में पुलिस की सख्ती

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को जुआ, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान से जिले में जुआरियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

सिटी कोतवाली में सबसे ज्यादा कार्रवाई

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र में सर्वाधिक 27 प्रकरण दर्ज कर 100 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 61,020 रुपये नगद जब्त किए गए। इसी तरह लोरमी थाना क्षेत्र में 15 प्रकरणों में 57 आरोपियों से 14,710 रुपये, जरहागांव में 14 प्रकरणों में 50 आरोपियों से 14,250 रुपये तथा चिल्फी में 7 प्रकरणों में 27 आरोपियों से 9,260 रुपये जब्त किए गए।

वहीं फास्टरपुर में 4 प्रकरणों में 14 आरोपियों से 4,830 रुपये, सरगांव में 4 प्रकरणों में 12 आरोपियों से 14,930 रुपये, पथरिया में 3 प्रकरणों में 14 आरोपियों से 7,430 रुपये और लालपुर में 7 प्रकरणों में 26 आरोपियों से 5,820 रुपये जब्त किए गए। इसके अलावा चौकी डिंडौरी में 2 प्रकरणों में 12 आरोपियों से 23,380 रुपये तथा चौकी साकेत में 4 प्रकरणों में 19 आरोपियों से 4,470 रुपये जब्त किए गए।

331 जुआरियों पर वैधानिक कार्रवाई

इस प्रकार जिले के आठ थाना एवं दो चौकी क्षेत्रों में कुल 87 प्रकरण दर्ज कर 331 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

अवैध गतिविधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

एसएसपी भोजराम पटेल ने जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान महज 10 दिनों में 331 जुआरियों की गिरफ्तारी और 1.60 लाख रुपये की जब्ती पुलिस की व्यापक कार्रवाई को दर्शाती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS