79.38 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा बैराज, 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा
आधुनिक तकनीक से मोबाइल के जरिए संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था, खरीफ के साथ रबी फसल को भी मिलेगा बढ़ावा
CBN36 रायपुर, 9 नवंबर 2026। जशपुर जिले के किसानों के लिए सिंचाई सुविधा के विस्तार की दिशा में बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को जशपुर जिले के बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। इस परियोजना से क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। वहीं, 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
परियोजना के पूरा होने से किसानों को खरीफ के साथ रबी फसल के लिए भी पानी मिल सकेगा। इससे किसान वर्ष में एक से अधिक फसल ले सकेंगे और उनकी आमदनी बढ़ने की संभावनाएं मजबूत होंगी। अब तक सिंचाई के लिए बारिश पर निर्भर रहने वाले किसानों को इस परियोजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों को सालभर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को खेती के नए अवसर मिलेंगे।
बगिया बैराज परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसका आधुनिक तकनीक आधारित संचालन होगा। सिंचाई व्यवस्था को मोबाइल के माध्यम से संचालित किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आधुनिक तकनीक पर आधारित यह अपनी तरह की पहली परियोजना है। इससे जल प्रबंधन अधिक सुविधाजनक और प्रभावी होगा।
बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित कुल 13 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसके निर्माण से क्षेत्र में कृषि आधारित आजीविका को मजबूती मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने भूमिपूजन के अवसर पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना केवल सिंचाई सुविधा का विस्तार नहीं है, बल्कि हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और जशपुर के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला साबित होगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
प्रधान संपादक