Explore

Search

November 8, 2026 7:06 pm

गिरधौना में सजा था जुए का फड़, सकरी पुलिस ने मारी दबिश; 15 जुआरी रंगे हाथों गिरफ्तार

मुक्तिधाम के पास चल रहा था ताश पर दांव लगाने का खेल, पुलिस ने 18 हजार रुपये नकद और ताशपत्ती की जब्त

CBN36 बिलासपुर। गांव में खुलेआम सज रहे जुए के फड़ पर आखिरकार सकरी पुलिस ने शिकंजा कस दिया। ग्राम गिरधौना के मुक्तिधाम के पास ताशपत्ती पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 15 लोगों को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने 18 हजार रुपये नकद और ताशपत्ती जब्त की है। एक साथ 15 जुआरियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निर्देश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार जुआरियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

इसी दौरान 7 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम गिरधौना स्थित मुक्तिधाम के पास कुछ लोग ताशपत्ती पर रुपये का दांव लगाकर जुए की महफिल सजाए हुए हैं। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी। पुलिस की अचानक कार्रवाई से जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से 15 लोगों को पकड़कर उनके कब्जे से 18 हजार रुपये नकद और ताशपत्ती जब्त की।

एक साथ 15 जुआरियों पर कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपियों में अशोक साहू (52), शिवा विश्वकर्मा (23), रामकुमार यादव (30), मानसिंह (30), बुचनू यादव (42), दिलहरण सिंगरौल (39), शिवकुमार सारथी (30), तीजराम साहू (40), जितेंद्र जायसवाल (21), वीरेंद्र सिंगरौल (20), शीतल सिंगरौल (28), छोटेलाल खूसरो (30), रोहित सिंगरौल (30), भूपेंद्र कौशिक (28) और धर्मेंद्र रजक (26) शामिल हैं। इनमें एक आरोपी ग्राम कोडापुरी तथा शेष ग्राम गिरधौना के निवासी हैं।

जुआरियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा

सकरी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 1018/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) में कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS