Explore

Search

October 12, 2026 9:49 pm

नशा मुक्ति के लिए बनेगी व्यापक कार्ययोजना, राज्य और जिला स्तर पर तैयार होगा रोडमैप

मुख्य सचिव विकासशील ने दिए निर्देश, सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने और स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर

CBN36 रायपुर, 12 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय एनकोर्ड समिति की बैठक में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने और राज्य एवं जिला स्तर पर विस्तृत रोडमैप बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने और नशा मुक्ति अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि राज्य और जिला स्तर पर एनकोर्ड की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं। बैठकों में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की समीक्षा कर परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।

सीमाओं पर बढ़ेगी निगरानी

प्रदेश की सीमाओं से नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। शिक्षण संस्थानों में नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को निर्धारित कार्ययोजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मानस पोर्टल की शिकायतों की समीक्षा

बैठक में मानस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही 16 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक चलाए गए पाक्षिक विशेष अभियानों की प्रगति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) द्वारा स्कूलों और कॉलेजों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।

गृह विभाग की सचिव नेहा चम्पावत ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से एनकोर्ड समिति से संबंधित गतिविधियों और कार्रवाई की जानकारी दी।

कई विभागों के अधिकारी हुए शामिल

बैठक में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा उच्च शिक्षा, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, पुलिस मुख्यालय, वन विभाग, समाज कल्याण विभाग, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), डाक विभाग और एड्स नियंत्रण समिति के अधिकारियों के साथ सभी संभागायुक्त, विभिन्न जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी बैठक में शामिल हुए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS