Explore

Search

October 10, 2026 7:12 pm

ऑपरेशन शंखनाद: कत्लखाने ले जाए जा रहे 65 गौवंश मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार,जनवरी से अब तक 1108 गौवंश मुक्त, 131 आरोपी गिरफ्तार

कंटेनर में ठूंस-ठूंसकर भरे थे गौवंश, दो की मौत; तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और रेकी कर रही कार जब्त, नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी

CBN36 जशपुर, 10 अक्टूबर। जशपुर पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 65 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक और गौ-तस्करी के लिए रास्ते की रेकी कर रही एक कार को भी जब्त किया गया है। कंटेनर में गौवंशों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था, जिससे दो गौवंशों की मौत हो चुकी थी। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पतासाजी कर रही है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि जिले में गौवंश तस्करी सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर ट्रक क्रमांक NL-01-AB-7655 में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर अंबिकापुर की ओर से बगीचा के रास्ते झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।

पुलिस ने थाना बगीचा क्षेत्र के ग्राम पेटा में नाकाबंदी की थी। इसी दौरान 10 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे संदिग्ध कंटेनर वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय दूसरे रास्ते से तेजी से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और ग्राम खंटाडांड़ में कंटेनर को रोकने में सफलता हासिल की।

कंटेनर में मिले 65 गौवंश, दो की हो चुकी थी मौत

कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें कुल 65 गौवंश मिले। सभी को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। इनमें से दो गौवंश मृत पाए गए। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रेहान अंसारी (34 वर्ष), निवासी ग्राम सिसई, जिला गुमला, झारखंड बताया। पुलिस द्वारा गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में गौवंशों को बरामद कर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मृत गौवंशों का नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक जब्त कर लिया गया है।

तस्करी के रास्ते की रेकी कर रही कार भी जब्त

पुलिस की कार्रवाई के दौरान गौ-तस्करी के लिए रास्ते की रेकी किए जाने के संदेह में एक मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक JH-01-BR-9492 भी जब्त की गई है। कार से संबंधित आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस को मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के संबंध में भी जानकारी मिली है। तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ और जांच जारी है।

विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज

मामले में थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 264/26 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 325 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

जनवरी से अब तक 1108 गौवंश मुक्त, 131 आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस गौवंश तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जिले में गौ-तस्करी के 98 मामलों में कार्रवाई करते हुए 1108 गौवंशों को मुक्त कराया गया है तथा 131 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त ट्रक, पिकअप सहित कुल 36 वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज, सरगुजा दीपक झा के निर्देशानुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में होने वाली आपराधिक गतिविधियों और विभिन्न प्रकार की तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि गौवंशों के अवैध परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

संयुक्त पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, सहायक उप निरीक्षक नरेश मिंज तथा आरक्षक आशीष तिर्की, रमेश गृही एवं सुधीर मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS