Explore

Search

October 10, 2026 6:41 pm

निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे हों काम : संदीप अग्रवाल

कोटा की तीन ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का निरीक्षण, निर्माण में सुधार के निर्देश

आंगनबाड़ी की व्यवस्था सुधारने पर जोर, अनुपस्थित सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश

CBN36 बिलासपुर, 10 अक्टूबर। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने कोटा जनपद की तीन ग्राम पंचायतों नवागांव सलका, कुआड़ीमोड़ा एवं गोबरीपाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और सभी निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

डीएमएफ और सांसद निधि के कार्यों का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ), सांसद निधि एवं वीबी-जी राम जी योजना सहित विभिन्न मदों से कराए जा रहे सामुदायिक भवन, प्रार्थना शेड, उचित मूल्य की दुकान, बाउंड्रीवॉल, बालिका शौचालय और आंगनबाड़ी भवन के निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

बारिश में जलभराव रोकने के लिए सुधार के निर्देश

निरीक्षण के दौरान प्रार्थना शेड की ऊंचाई बढ़ाने तथा उचित मूल्य की दुकान के फर्श का स्तर ऊंचा करने के निर्देश संबंधित उप अभियंता को दिए गए। इन सुधारों से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से बचाव हो सकेगा और ग्रामीणों को सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा। सीईओ ने निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

आंगनबाड़ी में स्वच्छता जरूरी, अनुपस्थित सचिव पर कार्रवाई के निर्देश

जिला पंचायत सीईओ ने आंगनबाड़ी केंद्र में साफ-सफाई और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के लिए स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। वहीं, निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इस कार्रवाई से पंचायत स्तर पर अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत सीईओ युवराज सिंहा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के एसडीओ, जिला कार्यक्रम अधिकारी वीबी-जी राम जी, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS