Explore

Search

September 25, 2026 8:48 pm

मदकूद्वीप के प्राचीन मंदिरों में मुख्यमंत्री साय ने की पूजा-अर्चना, कन्या पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

मंदिर संग्रहालय का किया अवलोकन, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत से हुए रूबरू

CBN36 मुंगेली-रायपुर, 25 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप पहुंचे। उन्होंने यहां प्राचीन रामाश्रय और गणेश मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित कन्या पूजन में शामिल होकर कन्याओं का पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे कन्या भोज में भी शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में कन्याओं को शक्ति का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।

इतिहास, आस्था और प्रकृति का संगम है मदकूद्वीप

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राचीन धार्मिक परंपराओं, पुरातात्विक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से संपन्न प्रदेश है। मदकूद्वीप भी ऐसी ही महत्वपूर्ण धरोहर है, जहां इतिहास, आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थल नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मंदिर संग्रहालय का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने पुरातत्व विभाग द्वारा स्थापित मंदिर संग्रहालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित पुरातात्विक धरोहरों और ऐतिहासिक अवशेषों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान वे मदकूद्वीप के ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक महत्व से रूबरू हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत और सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण एवं संवर्धन बेहद जरूरी है। ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरें केवल अतीत की स्मृतियां नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने वाली अमूल्य निधि हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला और पुन्नू लाल मोहले, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS