Explore

Search

September 23, 2026 4:25 pm

मुख्यमंत्री साय ने ली साइबर जागृति सेल्फी , बोले- सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव की पहली ढाल

“साइबर जागृति एवं साइबर संकल्प अभियान’ को मुख्यमंत्री का संदेश, बोले- साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए हर नागरिक बने भागीदार”

“सड़क सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए मुख्यमंत्री ने किया संकल्प पर हस्ताक्षर, ट्रैफिक हैकथॉन-2026 की पहल को सराहा”

“डीसीपी यातायात डॉ अर्चना झा ने कहा याद रखें-साइबर ठग आपकी जल्दबाजी और भरोसे का फायदा उठाता है। रुकें, सोचें और जांचें; तभी कोई डिजिटल लेन-देन करें।सतर्क रहें। जागरूक रहें। सुरक्षित रहें।साइबर अपराध मुक्त और सुरक्षित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदार बनें”

CBN36 रायपुर। साइबर अपराध के बढ़ते खतरे के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति एवं साइबर संकल्प अभियान’ को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समर्थन दिया। ‘सेवा से संकल्प’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में ‘साइबर जागृति सेल्फी’ ली और प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों से सतर्क एवं जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने भी सहभागिता की। डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा की मौजूदगी में साइबर सुरक्षा को लेकर आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि साइबर अपराध से मुक्त और सुरक्षित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए आमजन की जागरूकता और सहभागिता जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान से जुड़ने और साइबर अपराध के खिलाफ सामूहिक रूप से संकल्प लेने की अपील की।

एक छोटी चूक, बड़ा नुकसान

साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की जानकारी या आधार संबंधी विवरण साझा न करें। मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध एपीके अथवा अनजान लिंक पर क्लिक न करें। अनजान नंबरों से आने वाली व्हाट्सएप वीडियो कॉल को लेकर भी सावधानी बरतें।

सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें और अपने बैंकिंग, ई-मेल व सोशल मीडिया अकाउंट के पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहें। किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें। मोबाइल में कोई भी ऐप केवल Google Play Store या Apple App Store जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही डाउनलोड करें।

बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को लेकर विशेष सतर्कता

पुलिस ने बुजुर्गों, बच्चों और डिजिटल लेन-देन में कम अनुभवी लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। ठग अक्सर बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी, रिश्तेदार, कस्टमर केयर या सरकारी कर्मचारी बनकर फोन कर सकते हैं। ऐसे किसी भी कॉल पर डरकर या जल्दबाजी में बैंकिंग अथवा निजी जानकारी साझा न करें।

बुजुर्गों को विशेष रूप से सलाह दी गई है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड या स्क्रीन शेयर न करें। महिलाओं और युवाओं को सोशल मीडिया पर निजी फोटो, मोबाइल नंबर, पता, पहचान संबंधी जानकारी या अन्य संवेदनशील विवरण सार्वजनिक करने से बचना चाहिए।

बच्चों और किशोरों को अनजान ऑनलाइन गेम, लिंक, चैट या वीडियो कॉल से सावधान रखें। माता-पिता बच्चों को साइबर सुरक्षा के बारे में समझाएं और किसी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी मिलने पर उनसे खुलकर बात करें।

नौकरी, निवेश और लोन के नाम पर भी हो रही ठगी

पुलिस ने नागरिकों को ऑनलाइन नौकरी, घर बैठे कमाई, निवेश पर भारी मुनाफा, आसान लोन, लॉटरी-इनाम या पुरस्कार के नाम पर आने वाले संदेशों और फोन कॉल से सावधान रहने कहा है। किसी भी योजना में पैसा लगाने या भुगतान करने से पहले संबंधित संस्था और वेबसाइट की आधिकारिक जानकारी जरूर जांचें।

ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल

पुलिस ने अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं, चुप न बैठें और देरी न करें। ठगी की जानकारी मिलते ही तुरंत 1930 पर कॉल करें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर फ्रॉड में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है, इसलिए घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल शिकायत करना जरूरी है।

पुलिस की अपील-साइबर सुरक्षा की जिम्मेदारी हर नागरिक की

डीसीपी डॉ अर्चना झा ने कहा कि साइबर ठगों से बचाव का सबसे मजबूत हथियार जागरूकता और सतर्कता है। अनजान कॉल, मैसेज, लिंक या लालच पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जांचें। ओटीपी किसी को न बताएं, संदिग्ध लिंक न खोलें और अपनी बैंकिंग एवं निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।डीसीपी झा ने कहा याद रखें-साइबर ठग आपकी जल्दबाजी और भरोसे का फायदा उठाता है। रुकें, सोचें और जांचें; तभी कोई डिजिटल लेन-देन करें।सतर्क रहें। जागरूक रहें। सुरक्षित रहें।साइबर अपराध मुक्त और सुरक्षित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदार बनें।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार के बुजुर्गों, बच्चों तथा अन्य कम डिजिटल जानकारी रखने वाले लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

सड़क सुरक्षा का संकल्प: मुख्यमंत्री साय ने पोस्टर पर किए हस्ताक्षर, ट्रैफिक हैकथॉन-2026 की पहल को सराहा

तकनीकी नवाचार और जनभागीदारी से सुरक्षित यातायात को प्रभावी बनाने को लेकर रायपुर पुलिस के जागरूकता अभियानों से भी मुख्यमंत्री अवगत हुए और सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सड़क सुरक्षा संकल्प पोस्टर पर हस्ताक्षर कर सुरक्षित यातायात के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को यातायात जागरूकता अभियान और सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री को ट्रैफिक हैकथॉन-2026 के बारे में भी बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी नवाचार और जनभागीदारी के माध्यम से यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री ने इस प्रयास की सराहना की।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सड़क पर खुद सुरक्षित चलें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS