Explore

Search

July 16, 2026 3:49 am

पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, हथौड़ी से किया था हमला

रायगढ़, 24 जून। धरमजयगढ़ पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की हथौड़ी भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बाँसजोर निवासी श्यामलाल मंझवार (24) और उसकी पत्नी मेहतरीन बाई मंझवार के बीच 17 जून की सुबह इलाज के लिए पैसे मांगने की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान श्यामलाल ने घर में रखी लोहे की हथौड़ी से पत्नी के सिर पर कई बार वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया था, जहां 20 जून की शाम उसकी मृत्यु हो गई। मामले की जांच के दौरान मृतिका के परिजनों एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का परीक्षण किया गया।

जांच में हत्या की पुष्टि होने पर थाना धरमजयगढ़ में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 168/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर वारदात में प्रयुक्त हथौड़ी बरामद की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और गंभीर अपराध किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, प्रधान आरक्षक गंगाराम भगत एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS