Explore

Search

June 24, 2026 12:50 pm

ऑपरेशन नार्कोस के तहत आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 42.86 लाख रुपये का गांजा बरामद

नागपुर।रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल ने “ऑपरेशन नार्कोस” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 85.720 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 42.86 लाख रुपये बताई गई है।

रेल मार्ग के जरिए मादक पदार्थों, शराब, तंबाकू उत्पादों तथा अन्य अवैध वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए आरपीएफ राज्य पुलिस एवं अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष अभियान चला रहा है। यह अभियान मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ नागपुर श्री चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।

आरपीएफ नागपुर मंडल की गोंदिया एवं नागपुर विशेष टीम ने 21 जून 2026 को एनडीपीएस ड्राइव के दौरान गाड़ी संख्या 22974 पूर्णा–गांधीधाम एक्सप्रेस के बी-4 कोच में दो संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। दोनों के पास चार ट्रॉली बैग और दो पिट्ठू बैग थे।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान नरहरी बेहेरा और कांटी चंदन डोरा, निवासी ग्राम कांसामारी, थाना पत्तोपुर, जिला गंजाम (ओडिशा) के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 85.720 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों और जब्त मादक पदार्थ को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी इतवारी को सौंप दिया गया। जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन, ट्रेन या स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा लावारिस सामान की सूचना तत्काल आरपीएफ, जीआरपी, ट्रेन स्टाफ, टीटीई या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, ताकि तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS