
महिला उत्पीड़न मामलों की समीक्षा बैठक में प्रशासन और पुलिस को दिए सख्त निर्देश
बिलासपुर, 29 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहटकर ने बिलासपुर प्रवास के दौरान महिला सुरक्षा, उत्पीड़न और शिकायतों के निराकरण को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। मंथन सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित महिला एवं बाल विकास, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में महिलाओं से जुड़े अपराध, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, बाल विवाह, मानव तस्करी, टोनही प्रथा, सामाजिक बहिष्कार, साइबर अपराध तथा महिला हेल्पलाइन से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्ष श्रीमती रहटकर ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज में संवेदनशील और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने से भी जुड़ा है। उन्होंने महिला उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई, समयबद्ध जांच और पीड़िताओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। थानों और संबंधित विभागों को महिला प्रकरणों में संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने तथा पीड़ित महिलाओं को कानूनी एवं मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जिले में संचालित महिला सुरक्षा योजनाओं, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन, मिशन शक्ति एवं जागरूकता अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली मासिक सहायता से उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है।
वहीं, एसएसपी श्री सिंह ने बताया कि महिला अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा नियमित निगरानी, त्वरित शिकायत पंजीयन और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्त की जा रही है।
बैठक के अंत में राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष ने अधिकारियों को महिला सुरक्षा के प्रति और अधिक सजग एवं उत्तरदायी होकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और न्यायपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर उन्होंने पुलिस विभाग के चेतना अभियान पर आधारित लघु फिल्म की सराहना की तथा आयोग की “तेरे मेरे सपने” योजना को जिले में लागू करने का सुझाव दिया। इस योजना के तहत विवाह पूर्व युवक-युवतियों के लिए परामर्श केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे आपसी समझ और पारिवारिक समन्वय को बढ़ावा मिलेगा।
श्रीमती रहटकर ने जिले की बिहान समूह की लखपति दीदियों एवं सफल महिला उद्यमियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेश सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
प्रधान संपादक


