
छत्तीसगढ़।बिलासपुर अब सुरक्षा के पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़ते हुए तकनीक के सहारे एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है। जिला प्रशासन के महत्वाकांक्षी त्रिनेत्र प्रोजेक्ट के तहत शहर में एक हज़ार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जो इंटीग्रेटेड कंट्रोल सिस्टम से जुड़े होकर चौबीसों घंटे निगरानी करेंगे। यह पहल न केवल अपराध नियंत्रण, बल्कि एक सुरक्षित, व्यवस्थित और जागरूक शहर के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही शॉर्ट फिल्म त्रिनेत्र: सुरक्षित बिलासपुर -हमर संकल्प, हमर बिलासपुर, हमर सुरक्षा, हमर जिम्मेदारी इस अभियान का चेहरा बनकर उभरी है। सोसल मीडिया में जारी वीडियो में जिले के वरिष्ठ अधिकारी सीधे जनता से संवाद करते हुए दिखाई देते हैं और इस सुरक्षा अभियान में सहभागिता की अपील करते हैं।
वीडियो की शुरुआत सौरभ सक्सेना के प्रभावी संदेश से होती है। वे कहते हैं-अगर आप कोई अपराध करने जा रहे हैं, तो रुकिए… शायद आपको कोई देख रहा है।यह संवाद त्रिनेत्र की सक्रियता और संभावित अपराधियों के लिए स्पष्ट चेतावनी दोनों का काम करता है।

इसके बाद कमिश्नर सुनील जैन और आईजी रामगोपाल गर्ग इस पहल को समय की आवश्यकता बताते हुए नागरिकों को इसके महत्व से अवगत कराते हैं। उनका मानना है कि आधुनिक तकनीक के बिना शहरी सुरक्षा को मजबूत करना संभव नहीं है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल त्रिनेत्र को एक बहुआयामी प्रोजेक्ट के रूप में देखते हैं। उनके अनुसार, इससे शहर में सुरक्षा के साथ-साथ स्वच्छता और ट्रैफिक प्रबंधन में भी सकारात्मक बदलाव आएंगे।

कलेक्टर के बाद एसएसपी रजनेश सिंह का संदेश आता है, जिसमें वे इस पहल को पुलिस के लिए बेहद उपयोगी बताते हैं। उनका कहना है कि इससे अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी और जांच प्रक्रिया भी अधिक सशक्त होगी।

निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे शहर के तेजी से हो रहे विस्तार की ओर इशारा करते हुए कहते हैं कि बढ़ते बाजार, मॉल और रिहायशी क्षेत्रों के बीच इस तरह की निगरानी व्यवस्था अब अनिवार्य हो गई है।

सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल तकनीकी बदलावों का जिक्र करते हुए कहते हैं कि जब अपराधी हाईटेक हो चुके हैं, तो उन्हें पकड़ने के लिए प्रशासन को भी तकनीक में आगे रहना होगा। एएसपी सिटी पंकज पटेल का कहना है कि ‘त्रिनेत्र’ को शहर के हर कोने तक पहुंचाया जाएगा, ताकि हर नागरिक इसकी सुरक्षा छत्रछाया में आ सके।

वहीं, एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे के अनुसार, यह व्यवस्था ट्रैफिक को सुगम और व्यवस्थित बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
त्रिनेत्र के तहत लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरे शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों पर नजर रखेंगे। इन सभी कैमरों को एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जहां से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।
इस परियोजना का उद्देश्य केवल अपराधियों की पहचान तक सीमित नहीं है। महिलाओं की सुरक्षा, आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास, और शहर की स्वच्छता पर नजर रखना भी इसके प्रमुख लक्ष्य हैं।

वीडियो के अंत में सौरभ सक्सेना नागरिकों से इस पहल में सहयोग की अपील की है। संदेश साफ है-हमर बिलासपुर, हमर जिम्मेदारी ,त्रिनेत्र केवल कैमरों का नेटवर्क नहीं, बल्कि एक सुरक्षित और जिम्मेदार शहर के निर्माण की सामूहिक सोच है।
प्रधान संपादक


