Explore

Search

March 15, 2026 4:03 pm

36वें बिलासा महोत्सव का रंगारंग आगाज, लोकसंस्कृति की छटा से सजा मंच

बिलासपुर।स्थानीय लालबहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में 36वें बिलासा महोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ईष्ट देवों की आराधना के साथ हुई, जिसके बाद सिरगिट्टी के वी.एम. स्कूल के छात्रों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन बिलासा कला मंच द्वारा किया जा रहा है, जो पिछले 36 वर्षों से लोकसंस्कृति और स्वस्थ मनोरंजन को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

मंच के संस्थापक डॉ. सोमनाथ यादव ने बताया कि बिलासा कला मंच समय-समय पर हरेली तिहार, अरपा बचाओ अभियान, शरदोत्सव, मूर्खाधिराज अभिषेक और एक दिवसीय ग्रामीण शिविर जैसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को लोक संस्कृति से जोड़ने का प्रयास करता रहा है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर की जनता के प्रेम और सहयोग के कारण ही यह आयोजन निरंतर सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल विधायक बिलासपुर विधानसभा, ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में बिलासा महोत्सव की अलग पहचान है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी संस्कृति हमारी पहचान है और इसे करीब से देखना है तो बिलासा महोत्सव में जरूर आना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिलासा कला मंच ही ऐसा मंच है जो लगातार 36 वर्षों से लोकसंस्कृति को सहेजने का काम कर रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये  अटल श्रीवास्तव , विधायक कोटा विधानसभा, ने कहा कि इस मंच से जुड़ना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बिलासा महोत्सव जैसे आयोजन से न्यायधानी बिलासपुर गौरवान्वित होती है। यहां नए और प्रतिष्ठित कलाकारों को एक साथ मंच मिलने से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

विशिष्ट अतिथि भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक डॉ. रजनीश पांडे ने कहा कि इस मंच पर आने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। वहीं वरिष्ठ लोकगायिका कविता वासनिक ने भी मंच की सराहना करते हुए स्थानीय कलाकारों और मंच की उन्नति के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर बिलासा साहित्य सम्मान से नंदराम यादव मुंगेली बिलासा कला सम्मान से सुश्री हिमानी वासनिक  राजनांदगांव तथा बिलासा सेवा सम्मान से ईश्वर श्रीवास एवं उनकी सेवा टीम जोंधरा को सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में देउरगांव साजा से आए गौतम चौबे की टीम ‘महतारी के कोरा’ ने “महतारी के पीरा” प्रहसन प्रस्तुत कर दर्शकों को खूब हंसाया और सामाजिक संदेश भी दिया। बिलासपुर के रामावतार चंद्राकर की टीम ने ‘रंगझाझर’ कार्यक्रम प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। वहीं राजनांदगांव की सुश्री हिमानी वासनिक ने भरथरी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोकगायिका कविता वासनिक ने “पता ले जा रे” गीत गाकर समां बांध दिया।

कार्यक्रम के दौरान सुरेश सिंह बैस की पुस्तक “बोलती परछाइयां” का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन मंच के अध्यक्ष महेश श्रीवास, रश्मि गुप्ता और महेंद्र ध्रुव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मंच के संरक्षक चंद्रप्रकाश देवरस ने किया।

इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, मंच के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय दर्शक उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS