Explore

Search

September 22, 2026 11:23 pm

खेल जीवन में अनुशासन और एकाग्रता सिखाता है : अमर अग्रवाल

प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 25 खेलों के करीब 500 खिलाड़ी सम्मानित

CBN36 बिलासपुर। खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, एकाग्रता, निरंतर अभ्यास और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करता है। खेल के मैदान में मिली हार भी खिलाड़ी को अपनी कमियों को पहचानकर आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है। यह बात बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने मंगलवार को यश पैलेस में आयोजित खिलाड़ी सम्मान समारोह में कही।

अमर अग्रवाल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में स्वर्गीय लखीराम स्मृति क्रिकेट आयोजन समिति और जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अमर अग्रवाल और उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 500 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में हॉकी के 44, क्रिकेट के 65, बैडमिंटन के 21, रायफल के पांच, शतरंज के पांच, दिव्यांग तैराकी के 10, पेंचक शिला मार्शल आर्ट के 10, तीरंदाजी के 15, कराते के 36, तैराकी के 29, बास्केटबॉल के 30, हैंडबॉल के 32, ताइक्वांडो के 25, सॉफ्टबॉल के 20 और एथलेटिक्स के 28 खिलाड़ियों समेत 25 खेलों से जुड़े खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।

युवाओं को सकारात्मक दिशा देता है खेल

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। बिलासपुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर का गौरव बढ़ाया है।

अमर अग्रवाल ने कहा कि बचपन से खेलों से जुड़ने से व्यक्ति ऊर्जावान रहता है और उसमें सकारात्मक सोच विकसित होती है। परिस्थितियां हमेशा एक जैसी नहीं रहतीं। खेल के मैदान से प्रतिकूल परिस्थितियों में बिना विचलित हुए चुनौतियों का सामना करने और समाधान तलाशने की सीख मिलती है।

उन्होंने महाभारत में अर्जुन का उदाहरण देते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति एकाग्रता और निरंतर अभ्यास व्यक्ति को आगे बढ़ने की शक्ति देते हैं। खेल खिलाड़ियों में यही एकाग्रता, अनुशासन और संघर्ष की भावना विकसित करता है।

बिलासपुर के खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने का प्रयास

आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर में खेल प्रतिभाओं को निखारने की बेहतर संभावनाएं हैं। इसी उद्देश्य से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें प्रदेश, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

समारोह में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, आयोजन समिति के प्रवीण दुबे, राजेंद्र भंडारी, सुशांत राय चिक्की बोले, पंकज तिवारी तथा जिला ओलंपिक संघ के रामपुरी गोस्वामी, मनीष श्रीवास्तव, नवीन जाजोदिया, अजय सिंह, अविनाश शेट्ठी, अमरनाथ सिंह, राजकुमार जायसवाल, जीवन मिश्रा, रामप्रताप सिंह, सुशील मिश्रा और राजकुमार चंद्रा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच और खेल पदाधिकारी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS