Explore

Search

September 21, 2026 6:26 pm

नवविवाहिता की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, पति गिरफ्तार

चरित्र पर संदेह और घरेलू विवाद में सिर पर वार कर गला दबाने का आरोप, बीमारी बताकर अस्पताल ले गया था

CBN36 दुर्ग। धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम अगर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते पति ने उसकी मारपीट कर हत्या कर दी। घटना को छिपाने के लिए आरोपी पत्नी को पूर्व बीमारी की बात बताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति त्रिलोक खांडे (26) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

सिर पर मिले चोट के निशान, पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा से नवविवाहिता अन्नू खांडे (पति त्रिलोक खांडे) की मौत की सूचना थाने में मिली। नवविवाहिता की मौत होने के कारण अनुविभागीय दंडाधिकारी धमधा को सूचना दी गई। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के दौरान मृतिका के सिर पर चोट के निशान मिले। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सक की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को होमिसाइडल यानी हत्या जनित बताया गया।

पहले भी तलाक को लेकर न्यायालय पहुंचे थे

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मृतिका के परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच में पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद होने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। दोनों 21 फरवरी 2026 को तलाक लेने के संबंध में धमधा न्यायालय भी गए थे। बाद में पत्नी को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता से मारपीट की घटना को लेकर थाना जामुल में रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी।

रात में विवाद के बाद मारपीट और गला दबाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान उसने खाट पर बैठी अन्नू के सिर पर हाथ-मुक्कों से मारपीट की और गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को सामान्य मृत्यु का रूप देने के लिए आरोपी उसे पूर्व बीमारी होने की बात बताकर धमधा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया।

साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गिरफ्तार

शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनाक्रम और पूछताछ से मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पति त्रिलोक खांडे को आरोपी बनाया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी और न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया।

पारिवारिक विवाद में तत्काल पुलिस को दें सूचना

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद या किसी भी तरह की हिंसा की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। घटना को छिपाने या गलत जानकारी देकर वास्तविक तथ्यों को बदलने का प्रयास न करें। विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस और अन्य वैधानिक माध्यमों से सहायता लें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS