Explore

Search

November 10, 2026 7:59 pm

आईजी रेंज गर्ग की रणनीति से फरार वारंटियों पर कसा शिकंजा, ‘ऑपरेशन बाज’ में एक माह में 1081 स्थायी वारंटों की तामील

रेंज में आईजी के निर्देश पर चला विशेष अभियान, वर्षों से फरार वारंटियों को पुलिस ने पकड़ा; लंबित वारंटों के निराकरण की खुली राह

CBN36 बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की पहल और प्रभावी मॉनिटरिंग से चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ को बड़ी सफलता मिली है। रेंज के आठ जिलों में 8 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक चलाए गए इस एक माह के अभियान में पुलिस ने कुल 1081 स्थायी वारंटों की तामीली की है। इस कार्रवाई से वर्षों से लंबित न्यायालयीन मामलों के निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

दरअसल, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने रेंज के जिलों में लंबित स्थायी वारंटों की समीक्षा के दौरान पाया था कि बड़ी संख्या में न्यायालयों द्वारा फरार आरोपियों के विरुद्ध जारी स्थायी वारंट लंबे समय से थानों में लंबित हैं। वारंटों की तामीली में अपेक्षित प्रयास नहीं होने को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया और इसे ‘ऑपरेशन बाज’ नाम दिया।

आईजी गर्ग ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को जिलेवार लक्ष्य निर्धारित कर अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित वारंटों को अंतर थाना, अंतर जिला, अंतर रेंज, अंतर राज्य एवं प्रदेश के बाहर की श्रेणियों में विभाजित कर आधुनिक तकनीक की मदद से वारंटियों की पतासाजी और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई।

आईजी के सतत मार्गदर्शन और समीक्षा के परिणामस्वरूप अभियान के दौरान कई ऐसे वारंटियों को भी पकड़ा गया, जो वर्षों से पुलिस रिकॉर्ड में फरार चल रहे थे। वहीं, कुछ वारंटियों की मृत्यु होने की जानकारी भी सामने आई, जिनके संबंध में मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई।

अभियान के प्रदर्शन की समीक्षा में बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप बेहतर प्रयास किए। वहीं कोरबा और रायगढ़ जिलों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। आईजी राम गोपाल गर्ग ने बेहतर कार्य करने वाले थानों और पुलिस टीमों को पुरस्कृत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलों को आगामी अभियानों में सुधार लाने की हिदायत दी है।

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने स्पष्ट किया है कि स्थायी वारंटों की तामीली के लिए इस तरह के विशेष अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे। उनका उद्देश्य बिलासपुर रेंज में लंबित स्थायी वारंटों की संख्या न्यूनतम करना और न्यायालयों द्वारा जारी आदेशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना है।

आईजी की इस पहल से न केवल वर्षों से फरार वारंटियों तक पुलिस पहुंची है, बल्कि वारंटों की तामीली नहीं होने के कारण लंबे समय से लंबित न्यायालयीन प्रकरणों के निराकरण का रास्ता भी प्रशस्त हुआ है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS