Explore

Search

September 21, 2026 10:10 pm

बिलासपुर बना विजेता, दुर्ग उपविजेता

राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में 18 जिलों के 570 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, 56 सदस्यीय टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

CBN36 बिलासपुर। स्व. बीआर यादव राज्य खेल प्रशिक्षण संस्थान, बहतराई स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित 21वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय क्यूरुगी ताइक्वांडो प्रतियोगिता एवं दूसरी छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पुम्से ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में बिलासपुर ने सर्वाधिक 34 स्वर्ण पदक जीतकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। दुर्ग 14 स्वर्ण पदकों के साथ उपविजेता रहा। रायगढ़ ने नौ स्वर्ण पदकों के साथ तीसरा और कोरबा ने पांच स्वर्ण पदकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया।

छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों से करीब 570 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न वर्गों में कुल 340 पदकों के लिए मुकाबले हुए।

प्रतियोगिता के दौरान सब-जूनियर और जूनियर वर्ग के उत्कृष्ट बालक-बालिका खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 56 सदस्यीय जूनियर एवं सब-जूनियर बालक-बालिका टीम गठित की गई है। यह टीम एक अक्टूबर को इंदौर के लिए रवाना होगी। इंदौर में दो से चार अक्टूबर तक राष्ट्रीय सब-जूनियर एवं जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा किया जाएगा।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक सुशांत शुक्ला रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विनायक नेत्रालय के डायरेक्टर डॉ. ललित माखीजा और फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर प्रिंस भाटिया मौजूद रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष रामदेव कुमावत सहित अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।

प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष मनोज भिवगड़े, महासचिव रामपुरी गोस्वामी और इंटरनेशनल रेफरी क्यूरुगी/पुम्से सुंदरमणि पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। मंच संचालन प्रधान पाठक नागेंद्र सिंह पेंड्रा ने किया। आयोजन में सुशील मिश्रा, जयशंकर यादव, रितेश सिंह, सुभाष त्रिपाठी, संजीव मानिकपुरी और राजेश शुक्ला ने विशेष सहयोग दिया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS