Explore

Search

September 21, 2026 6:57 pm

एसपी की सख्ती:जुआ फड़ पर पुलिस का गोरिल्ला वार, 9 गिरफ्तार

बनारी में मकान को चारों तरफ से घेरकर दबिश, 4.28 लाख रुपये नकद समेत ताशपत्ती जब्त,गाड़ी खराब हुई तो पैदल ले गई पुलिस

CBN36 जांजगीर-चांपा। जुआरियों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस और रिस्पांस टीम ने ग्राम बनारी में चल रहे जुआ फड़ पर गोरिल्ला वार तकनीक से अचानक धावा बोलकर नौ जुआरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 28 हजार 420 रुपये नकद, ताश की पत्तियां और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसपी विजय पांडेय के निर्देश पर कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय पांडेय के निर्देशन में जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कोतवाली पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बनारी मेन रोड से अंदर एक मकान में बड़ी संख्या में लोग जुआ खेल रहे हैं।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में कोतवाली और रिस्पांस टीम की संयुक्त टीम तैयार की गई।

चारों तरफ से घेरकर अचानक मारा धावा

पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए मकान की पहले घेराबंदी की। इसके बाद बिना मौका दिए अचानक दबिश दी गई। पुलिस को देखकर जुआ फड़ में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने मौके से नौ लोगों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4,28,420 रुपये नकद बरामद हुए। इसके साथ ही ताश की पत्तियां और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया और गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

मकान मालिक की भूमिका की भी जांच

जिस मकान में जुआ फड़ संचालित हो रहा था, उसके मकान मालिक की भूमिका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। जांच में तथ्यों की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ अलग से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ये नौ जुआरी पकड़े गए

  1. भैरव मिश्रा उर्फ मोगली (44), बी. महंत उपनगर वार्ड नंबर 6, जांजगीर
  2. अखिलेश राठौर (36), पुरानी बस्ती वार्ड नंबर 2, जांजगीर
  3. रामनारायण राठौर (55), भगत चौक वार्ड नंबर 11, जांजगीर
  4. धीरज पाठक (42), न्यू चंदनीयापारा वार्ड नंबर 16, जांजगीर
  5. राहुल बजाज (37), वार्ड नंबर 23, केरा रोड, जांजगीर
  6. तालिब खान (40), वार्ड नंबर 4, नैला
  7. अविनाश राठौर (39), पुरानी बस्ती वार्ड नंबर 12, जांजगीर
  8. मुकेश बजाज (45), केरा रोड, जांजगीर
  9. कृष्ण कुमार चंद्र (38), वार्ड नंबर 7, न्यू चंदनीयापारा, जांजगीर

गाड़ी खराब हुई तो पैदल ले गई पुलिस

कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय ले जाने के दौरान पुलिस वाहन में खराबी आ गई। वाहन खराब होने के कारण पुलिस को कुछ दूरी तक आरोपियों को पैदल ले जाना पड़ा। बाद में दूसरी गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपियों को न्यायालय ले जाकर पेश किया गया।

न्यायालय में पेशी के बाद सभी आरोपियों का जेल वारंट जारी हो गया। इसके बाद पुलिस उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है।

एसपी विजय पांडेय ने कहा कि जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय रखा गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS