
विजिलेंस विभाग के मार्गदर्शन में विकसित एचएमआईएस को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की तैयारी, 2.2 लाख से अधिक कर्मियों को मिलेगा लाभ
CBN36 बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में विकसित हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) अब कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों में लागू किए जाने की तैयारी है। एसईसीएल के मॉडल को आधार बनाकर कोल इंडिया स्तर पर एकीकृत अस्पताल प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाएगी। इससे कोल इंडिया के 2.2 लाख से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। विभिन्न अनुषंगी कंपनियों के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को एक साझा डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एसईसीएल में एचएमआईएस की शुरुआत 27 मई 2026 को केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने की थी। प्रणाली का उद्देश्य मरीजों के चिकित्सा अभिलेखों को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने के साथ अस्पतालों की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है।
पंजीयन से उपचार तक पूरी जानकारी डिजिटल
एचएमआईएस के जरिए मरीज के पंजीयन, चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और दवाओं से संबंधित जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज की जा सकेगी। इससे मरीज का चिकित्सा रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहेगा और जरूरत पड़ने पर पुराने अभिलेखों को आसानी से देखा जा सकेगा।
प्रणाली में चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों की ऑनलाइन प्रक्रिया के साथ अमृत औषधि केंद्र और दवा प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाएं भी शामिल हैं। इससे कागजी प्रक्रिया कम करने, रिकॉर्ड के बेहतर रखरखाव और विभिन्न प्रक्रियाओं की निगरानी में मदद मिलेगी।
विजिलेंस विभाग के मार्गदर्शन में विकसित हुई व्यवस्था
एचएमआईएस के विकास और इसे आगे बढ़ाने में एसईसीएल के विजिलेंस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विभाग के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं में डिजिटल माध्यम से पारदर्शिता, जवाबदेही और निगरानी को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
एसईसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन ने कहा कि एचएमआईएस के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को डिजिटल रूप से व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया है। इससे चिकित्सा अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन के साथ प्रक्रियाओं की निगरानी और जवाबदेही मजबूत करने में सहायता मिलेगी। एसईसीएल में विकसित इस व्यवस्था का कोल इंडिया स्तर पर विस्तार इस पहल को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कोल इंडिया स्तर पर एचएमआईएस के विस्तार से विभिन्न अस्पतालों में चिकित्सा अभिलेखों के डिजिटलीकरण, प्रक्रियाओं में एकरूपता, बेहतर निगरानी और अस्पताल प्रबंधन में डिजिटल समन्वय को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्रधान संपादक




