Explore

Search

September 22, 2026 6:50 pm

रेलवे स्टेशनों से ट्रेनों तक गूंजा स्वच्छता का संदेश, विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक

CBN36 बिलासपुर, 22 सितंबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम पर चल रहे स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस)-2026 अभियान के तहत स्टेशनों, ट्रेनों और कार्यालयों में स्वच्छता गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। 17 सितंबर से शुरू हुआ यह अभियान दो अक्टूबर तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ जनभागीदारी बढ़ाना है।

अभियान के पांचवें और छठवें दिन 21 व 22 सितंबर को ‘स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी और स्वच्छ सार्वजनिक स्थल’ थीम पर मंडल के विभिन्न स्टेशनों, ट्रेनों और कार्यालयों में विशेष अभियान चलाया गया। प्रमुख स्टेशनों के परिसर, प्लेटफॉर्म और यात्री क्षेत्रों की गहन सफाई की गई। इस दौरान सफाई मशीनों और उपकरणों के साथ सफाई कर्मचारियों के लिए उपलब्ध पीपीई किट की भी जांच की गई।

छोटे स्टेशनों पर भी स्वच्छता अभियान चलाकर यात्रियों को सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखने, कूड़ेदान का इस्तेमाल करने और प्लेटफॉर्म को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए जागरूक किया गया।

ट्रेनों और फूड स्टॉलों का निरीक्षण

चिन्हित ट्रेनों में अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की निगरानी में कोच, शौचालय, फर्श, बर्थ और खिड़कियों की सघन सफाई की गई। सार्वजनिक स्थलों, नालियों और शौचालयों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इसके अलावा विभिन्न ट्रेनों के पेंट्रीकार और रेलवे स्टेशनों पर संचालित फूड स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, रखरखाव, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और साफ-सफाई की व्यवस्था की जांच की गई।

कार्यालयों में डिजिटल कामकाज पर जोर

मंडल कार्यालयों में ‘क्लीन डेस्क’ अभियान के साथ अनावश्यक कागज के इस्तेमाल को कम करने के लिए न्यूनतम प्रिंटिंग और डिजिटल दस्तावेजीकरण को बढ़ावा दिया गया। कर्मचारियों को एकल उपयोग वाली प्लास्टिक सामग्री के स्थान पर पुन: उपयोग योग्य बोतल और कप इस्तेमाल करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश

शहडोल समेत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर यात्रियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने लोगों से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में कचरा नहीं फैलाने, कूड़ेदान का उपयोग करने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए यात्रियों को प्रेरित किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS