CBN36 बिलासपुर। शहर के कासिम पारा में बाल गणेश उत्सव समिति की ओर से इस वर्ष भी भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर 11 दिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। समिति पिछले 15 वर्षों से लगातार गणेश प्रतिमा स्थापित कर धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ा रही है। इस वर्ष उत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए आकर्षक सजावट के साथ विशेष विद्युत सज्जा की गई है।
गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम भगवान गणेश की आरती की जा रही है। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण भी किया जाता है। समिति ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमा स्थापित की है।
महिलाएं और बच्चे संभाल रहे आयोजन की जिम्मेदारी

कासिम पारा के इस गणेशोत्सव की खास बात यह है कि आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी कॉलोनी की महिलाएं और बच्चे संभाल रहे हैं। पिछले 15 वर्षों से महिलाएं और बच्चों की टोली पूरे उत्साह के साथ गणेशोत्सव की तैयारियों से लेकर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाती आ रही है। इससे आयोजन में कॉलोनी के लोगों की सहभागिता भी बढ़ी है।
समिति से जुड़ी सारिका सिंह, देविका सिंह, नीलिमा नायडू, पूजा शर्मा, पूनम शर्मा, पूनम पंडित, नेहा शर्मा, रम्या, सुभाष, कमलेश्वरी, विमला, श्रीदेवी और संध्या सहित अन्य सदस्य आयोजन में सहयोग कर रहे हैं। वहीं बच्चों की टोली में सतीश, यश, प्रिस, रचित, अनंत, हर्ष, पीयूष, लकी, शौर्य, आयुष, समीर, आदर्श, दक्ष, काशविनी, नित्या, काव्या, मेघा, बिट्टू, लिपि सहित अन्य बच्चे शामिल हैं।
दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु

कासिम पारा में स्थापित गणेश प्रतिमा के दर्शन और आरती में कॉलोनीवासियों के साथ आसपास के श्रद्धालु भी पहुंच रहे हैं। शाम के समय आरती और महाप्रसाद वितरण के दौरान श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ नजर आ रही है। समिति की ओर से नगरवासियों से गणेशोत्सव में शामिल होकर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद लेने की अपील की गई है।
15 वर्षों से निभा रहे परंपरा
बाल गणेश उत्सव समिति के सदस्यों का कहना है कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि कॉलोनी के लोगों को एकजुट करने का माध्यम भी है। 15 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को आगे बढ़ाने में महिलाओं, बच्चों और कॉलोनी के सभी लोगों का सहयोग मिल रहा है।
प्रधान संपादक




