बिलासपुर। शहर में अवैध नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में सिविल लाइन पुलिस ने जरहाभाठा रिंग रोड में संचालित एक अवैध हुक्का बार में दबिश देकर मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि जरहाभाठा रिंग रोड पर बिना अनुमति के हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हुक्का बार के मैनेजर विक्रम ठाकुर (20), मसानगंज निवासी रितेश विश्वकर्मा (25) और मंगला निवासी अरबाज खान (23) को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने लंबे समय से बिना किसी वैध अनुमति के हुक्का बार का संचालन करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हुक्का पॉट, कोको जेल, स्टेन, चिलम, पाइप, कोल हीटर सहित हुक्का बार में उपयोग किए जाने वाले अन्य सामान जब्त किए हैं। इसके अलावा मौके से नगद तीन हजार रुपये, तीन मोबाइल फोन और लेन-देन से संबंधित एक हिसाब-किताब का रजिस्टर भी जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नाबालिगों तक पहुंच रहा नशा
पुलिस के अनुसार शहर के विभिन्न इलाकों में स्मोक जोन की आड़ में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किए जा रहे हैं। कई बारों में चोरी-छुपे युवाओं और नाबालिगों को हुक्का परोसा जा रहा है। बताया जाता है कि इन हुक्का बारों में युवाओं से अधिक नाबालिग पहुंच रहे हैं, जो सोशल मीडिया, रील्स और सोशल मीडिया के प्रभाव में नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों को नशे से दूर रखने के लिए इस तरह की अवैध गतिविधियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रधान संपादक


