Explore

Search

May 18, 2026 11:51 am

सौतेले पिता पर नाबालिग बेटी के यौन शोषण का आरोप, बेटे को दिया जन्म

बिलासपुर। नाबालिग बालिका के यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी का लंबे समय तक शोषण किया, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। अस्पताल में भर्ती के दौरान नाबालिग ने एक बेटे को जन्म दिया। मामले की जांच के बाद बिल्हा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि पीड़िता नाबालिग है और पढ़ाई के लिए दूसरे जिले के एक हॉस्टल में रहकर अध्ययन कर रही थी। कुछ दिन पहले हॉस्टल परिसर में खेलते समय उसे अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। इस पर हॉस्टल प्रबंधन द्वारा उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के दौरान यह सामने आया कि नाबालिग आठ माह की गर्भवती है। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। इलाज के दौरान नाबालिग ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला पुलिस अधिकारी द्वारा नाबालिग से संवेदनशील तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान नाबालिग ने बताया कि उसका यौन शोषण उसके सौतेले पिता द्वारा किया गया था। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने जीरो पर अपराध दर्ज कर मामला बिल्हा थाना भेज दिया। चूंकि घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की थी, इसलिए यहां अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी घटना के बाद से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस की ओर से विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही थी।

गिरफ्तारी से बचने भेष बदलकर मांग रहा था भीख
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर भेष बदलकर भीख मांग रहा है। इसी क्रम में पुलिस को पता चला कि वह शिवरीनारायण मेले में मौजूद है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने मेले में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS