दो रात में दिया वारदात को अंजाम, पहले आधी दीवार तोड़ी फिर छेद बड़ा कर दुकान में घुसे; 14.51 लाख का माल बरामद
कर्ज में डूबे बर्फ फैक्ट्री संचालक ने कर्मचारी और साथी के साथ मिलकर रची थी साजिश, तीसरा आरोपी फरार
CBN36 रायपुर। गुढ़ियारी क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में दीवार में छेद कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने वारदात के मास्टरमाइंड समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी और आर्टिफिशियल आभूषण के साथ घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और बिना नंबर की एक्टिवा समेत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये का सामान बरामद किया गया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) दीपमाला कश्यप की सतत मॉनिटरिंग में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, रामनगर कर्मा चौक के पास श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स के संचालक सुनील जैन ने 30 सितंबर को गुढ़ियारी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सुबह दुकान खोली तो दीवार में मिला बड़ा छेद
प्रार्थी के अनुसार, वह 29 सितंबर की रात दुकान बंद कर घर चला गया था। 30 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे दुकान खोलने पहुंचा। दुकान के अंदर जाने पर दाहिनी तरफ की दीवार की प्लाई गिरी हुई थी, फर्नीचर बिखरा पड़ा था और दीवार में बड़ा छेद दिखाई दिया। डिस्प्ले में रखे सोने और चांदी के आभूषण भी गायब थे। अज्ञात चोर दीवार में छेद कर दुकान के अंदर दाखिल हुए थे और आभूषण चोरी कर ले गए थे। रिपोर्ट पर गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 430/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया।
हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ दुकान के कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों, उनके आने-जाने के रास्तों और संभावित मार्गों का विश्लेषण किया गया। सीसीटीवी से मिले सुरागों का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ तकनीकी माध्यमों से प्राप्त अन्य जानकारियों को भी आपस में जोड़ा गया।
पुलिस ने मुखबिरों को भी सक्रिय किया। चोरी के मामलों में पहले संलिप्त रहे आरोपियों और हाल ही में जेल से रिहा हुए आरोपियों की गतिविधियों व संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर संदिग्धों को चिन्हित किया गया।
कर्ज के दबाव में बनाई चोरी की योजना
लगातार जांच के बाद पुलिस को विशाल सचदेव और सूरज ढीमर के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई तो उन्होंने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक, विशाल सचदेव इस वारदात का मास्टरमाइंड है। उसने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू की थी। इसके लिए उसने लाखों रुपये का कर्ज लिया था। फैक्ट्री नहीं चलने के कारण उसे आर्थिक नुकसान हुआ और कर्ज देने वाले लोग लगातार रकम वापस मांग रहे थे। आर्थिक परेशानी के चलते विशाल ने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।
इसके बाद आरोपियों ने ज्वेलर्स दुकानों की तलाश शुरू की और श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स की कुछ दिनों तक लगातार रेकी की।
पहले आधा छेद किया, दो दिन बाद पूरी चोरी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात दुकान की दीवार में आधा छेद किया और वापस लौट गए। इसके बाद 29-30 सितंबर की दरम्यानी रात वे दोबारा दुकान के पास पहुंचे। पहले किए गए छेद को बड़ा कर दुकान के अंदर प्रवेश किया और वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
3.5 किलो चांदी समेत यह सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पूरी मशरूका बरामद की है। इसमें सोने के आभूषण: कीमत करीब 50 हजार रुपये चांदी के आभूषण: वजन करीब 3.5 किलोग्राम, कीमत 7 लाख 91 हजार 700 रुपये आर्टिफिशियल आभूषण: कीमत करीब 10 हजार रुपये स्विफ्ट मारुति कार: क्रमांक CG 04 MT 8303 एक एक्टिवा: बिना नंबर सभी सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है। उसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. विशाल सचदेव, पिता लक्ष्मण दास सचदेव, उम्र 38 वर्ष, निवासी रामली हवलाई गली के पीछे आरएस बर्फ फैक्ट्री, थाना आजाद चौक, रायपुर।
2. सूरज ढीमर, पिता पुना लाल ढीमर, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम सुनवानी, थाना मझोली, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश), हाल पता ग्राम बेलसुण्डा, थाना कोतवाली, जिला महासमुंद।
प्रधान संपादक




