
जांजगीर पुलिस का वार्षिक निरीक्षण किया, पुलिस दरबार में सुनी समस्याएं; जुआ-सट्टा और अवैध शराब पर कार्रवाई के निर्देश
CBN36 जांजगीर-चांपा। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने मंगलवार को जांजगीर-चांपा पुलिस का वार्षिक निरीक्षण किया। पुलिस लाइन में परेड की सलामी लेने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अनुशासन, टर्नआउट और परेड का निरीक्षण किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। निरीक्षण के दौरान आईजी ने बेहतर पुलिसिंग के साथ पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
आईजी गर्ग ने कहा कि थाना और चौकी में अपनी समस्या लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और उसके आवेदन पर त्वरित कार्रवाई हो। अनावश्यक रूप से शिकायतों और प्रकरणों को लंबित नहीं रखा जाए। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय पुलिसिंग करने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस दरबार में सीधे सुनी पुलिसकर्मियों की समस्याएं

परेड के बाद पुलिस लाइन में पुलिस दरबार आयोजित किया गया। आईजी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से रूबरू होकर उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं सुनीं। उन्होंने समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान पुलिसकर्मियों को कर्तव्य निर्वहन में अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी बनाए रखने की समझाइश दी गई।
आईजी ने रक्षित केंद्र की वाहन शाखा, स्टोर और आर्म्स शाखा का भी निरीक्षण किया। वाहनों एवं दस्तावेजों की जांच की गई। स्टोर में सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव और समय पर वितरण तथा आर्म्स शाखा में हथियारों की सुरक्षित व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए।
जुआ-सट्टा और अवैध शराब पर कसें शिकंजा

आईजी ने थाना-चौकी प्रभारियों को क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। जुआ-सट्टा और अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के साथ अपराधों की रोकथाम के लिए सूचना तंत्र मजबूत करने को कहा। उन्होंने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
अग्निवीर अभ्यर्थियों से मिले, मेहनत और फिटनेस का दिया मंत्र

वार्षिक निरीक्षण के बाद आईजी गर्ग ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने अभ्यर्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए नियमित अध्ययन, कड़ी मेहनत और लगन से तैयारी करने की सलाह दी। शारीरिक फिटनेस के लिए नियमित व्यायाम और पौष्टिक खान-पान पर भी ध्यान देने कहा।
पुलिस जिम और यातायात भवन का शुभारंभ
पुलिस लाइन जांजगीर में नवीन पुलिस जिम का शुभारंभ किया गया। वहीं यातायात शाखा के जीर्णोद्धार किए गए भवन का उद्घाटन भी हुआ। आईजी ने कहा कि पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस उनकी कार्यक्षमता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए पुलिसकर्मियों को प्रेरित किया।
राहवीर, सड़क सुरक्षा मितान और महिला कमांडो सम्मानित

ड्रीम पाइंट होटल में आयोजित कार्यक्रम में जिले के राहवीर, सड़क सुरक्षा मितान, पुलिस बूथ मितान और महिला कमांडो को सम्मानित किया गया। आईजी गर्ग ने पुलिस और जनता के बीच सहयोग को सामुदायिक पुलिसिंग की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
उन्होंने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को ₹25 हजार तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के समय लोगों को घायलों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील

कार्यक्रम के दौरान आईजी ने साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और अनजान लिंक से सावधान रहने की अपील की। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी अथवा निजी जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी।
चांपा थाने में लंबित मामलों की समीक्षा

आईजी गर्ग ने थाना चांपा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी को सामुदायिक पुलिसिंग के तहत प्रभावी कार्य करने, पुराने लंबित प्रकरणों और शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने के साथ जुआ-सट्टा और अवैध शराब पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक जांजगीर विजय पाण्डेय एएसपी डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी और थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




