Explore

Search

October 6, 2026 12:55 am

त्योहारों में शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कसी कमर, पंडालों में CCTV लगाने के निर्देश

CBN36 बलौदा बाजार-भाटापारा/करहीबाजार। आगामी नवरात्र, दशहरा और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक आईपीएस गौरव राय के निर्देशन में सोमवार को पुलिस चौकी करहीबाजार परिसर में क्षेत्र के सरपंचों, ग्राम कोटवारों और दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें त्योहारों के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सरपंच, कोटवार, दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव समितियों के अध्यक्ष-पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पुलिस ने सभी से त्योहारों को भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

पंडालों में वालंटियर और CCTV अनिवार्य

पुलिस ने दुर्गा उत्सव समितियों को पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए वालंटियर तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों और पंडालों में CCTV कैमरे लगाने पर विशेष जोर दिया गया। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए समितियों को सतर्क रहने कहा गया।

लाउडस्पीकर के उपयोग में नियमों का पालन

बैठक में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। पुलिस ने कहा कि माननीय उच्चतम न्यायालय और शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही निर्धारित समय और ध्वनि सीमा में लाउडस्पीकर का उपयोग किया जाए।

असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर

सरपंचों और कोटवारों को क्षेत्र में शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों, शराब पीकर हुड़दंग करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस ने किसी भी तरह की अप्रिय घटना, अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

त्योहारों में बढ़ेगी पुलिस पेट्रोलिंग

पुलिस और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी बैठक में जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने त्योहारों के दौरान क्षेत्र में लगातार गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने की बात कही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या शांति भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS