Explore

Search

February 10, 2026 10:07 am

रायपुर में टाटा सूमो में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित; वाहन पूरी तरह जलकर राख

रायपुर। राजधानी रायपुर के एयरपोर्ट रोड स्थित मैग्नेटो मॉल के समीप एक टाटा सूमो वाहन में अचानक आग लग गई। वाहन में सवार महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग सहित सभी यात्री समय रहते बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग की चपेट में आने से वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया।

इस हादसे की जानकारी बिलासपुर के कांग्रेस नेता महेश दुबे टाटा ने देते हुए बताया कि उक्त टाटा सूमो झारखंड पंजीयन की  है। वाहन चलते समय अचानक उसमें धुआं उठने लगा जिसके बाद चालक ने तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोका। यात्रियों की सतर्कता और आसपास मौजूद लोगों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

तकनीकी विकास के साथ बढ़ती घटनाएं चिंताजनक

हाल के वर्षों में वाहनों में तकनीकी विकास और अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ आग लगने की घटनाओं में भी वृद्धि देखी जा रही है, जो चिंता का विषय है। विशेषज्ञों का मानना है कि वाहन में आग लगने की स्थिति में कई बार सिस्टम लॉक हो जाता है, जिससे बड़ी दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

इस तरह की घटनाएं वाहन निर्माताओं के लिए चेतावनी हैं कि वे सुरक्षा मानकों, अग्नि-रोधी तकनीक और आपातकालीन निकास व्यवस्थाओं पर और अधिक ध्यान दें। वहीं, शासन-प्रशासन से भी अपेक्षा की जा रही है कि वह ऐसी घटनाओं का संज्ञान लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करे।

ईश्वर की कृपा से टली बड़ी दुर्घटना

महेश दुबे का कहना है कि यदि समय रहते वाहन से यात्रियों को बाहर न निकाला गया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

इस हादसे के बाद प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपने वाहनों की तकनीकी जांच कराते रहें और किसी भी असामान्य स्थिति में तुरंत सतर्कता बरतें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS