बिलासपुर। दिल्ली में प्रेमी की आत्महत्या की खबर मिलने के बाद उसकी नाबालिग प्रेमिका ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह हृदयविदारक घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है, जहां बैकुंठपुर जिले की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी ने अपने रिश्तेदार के घर में आत्मघाती कदम उठाया। घटना से परिजन सदमे में हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तोरवा पुलिस के अनुसार नाबालिग किशोरी कुछ समय पहले अपने प्रेमी के साथ दिल्ली चली गई थी। परिजनों को इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने उसकी तलाश शुरू की और काफी प्रयासों के बाद उसे दिल्ली से वापस लाकर अपने साथ ले आए। किशोरी को सीधे उसके घर ले जाने के बजाय परिजनों ने उसे तोरवा क्षेत्र में रहने वाली उसकी बुआ के घर पर रखा था, ताकि वह सामान्य माहौल में रह सके। इसी बीच रविवार को किशोरी के प्रेमी ने दिल्ली में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी जब किशोरी को मिली तो वह गहरे सदमे में चली गई। परिजनों के अनुसार खबर मिलने के बाद से वह लगातार गुमसुम रहने लगी थी और उसने मरने जैसी बातें भी कही थीं। इस पर स्वजन ने उसे समझाइश दी और पढ़ाई व परिवार पर ध्यान देने की बात कही। एहतियात के तौर पर परिजन रातभर उस पर नजर भी रखे हुए थे। सोमवार सुबह किशोरी ने परिजनों के साथ नाश्ता किया, हालांकि वह शांत और उदास बनी रही। करीब 11 बजे जब घर के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए, तभी किशोरी ने कमरे के अंदर जाकर अपनी चुन्नी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ समय बाद जब परिजन कमरे की ओर पहुंचे तो किशोरी को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सीएसपी गगन कुमार (आईपीएस) ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। किशोरी के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
प्रधान संपादक


